प्रिंस चार्ल्स को हुआ कोरोना वायरस
कोरोना वायरस के लक्षण ज़ाहिर होने के बाद, प्रिंस चार्ल्स की जब जांच की गई तो उनकी जांच का रिज़ल्ट पॉज़िटिव निकला है।
क्लेरेंस हाउस ने पुष्टि की है कि चार्ल्स डचेस ऑफ़ कॉर्नवाल के साथ स्कॉटलैंड स्थित अपने महल में आइसोलेशन में हैं।
बुधवार को जारी बयान में कहा गया है कि यह पता लगाना संभव नहीं है कि किससे प्रिंस ऑफ़ वेल्स तक यह वायरस पहुंचा है, लेकिन वे पिछले कुछ दिनों से घर पर रहकर ही अपना काम जारी रखे हुए थे।
71 वर्षीय प्रिंस चार्ल्स का उनकी 72 वर्षीय पत्नी कैमिला के साथ राष्ट्रीय स्वास्थ्य सेवा एनएचएस ने कोरोना वायरस का टेस्ट किया था। प्रिंस कोरोना से संक्रमित पाए गए हैं, जबकि उनकी पत्नी में अभी इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है।
प्रिंस ऑफ़ वेल्स के कोरोना वायरस से पीड़ित होने की पुष्टि करते हुए बकिंघम पैलेस ने कहा है कि क्वीन एलिज़ाबेथ द्वितीय पूरी तरह से स्वस्थ हैं, उन्होंने 12 मार्च की सुबह अपने बेटे चार्ल्स से संक्षिप्त मुलाकात की थी।
ब्रिटिश प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने सोमवार को देश भर में लॉकडाउन की घोषणआ के साथ ही कोरोना को फैलने से रोकने के लिए कड़े क़दम उठाने की चेतावनी दी थी।
जॉनसन ने कहा था कि अगर आप नियमों का पालन नहीं करते हैं, तो पुलिस के पास इसका पालन कराने की शक्तियां हैं।
ब्रिटेन में अब तक 8,077 कोरोना के मामलों की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 422 लोग अपनी जान से हाथ धो बैठे हैं। msm