ट्रम्प के क़रीबी दोस्त कोरोना की चपेट में आकर हताहत
अमरीका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प के क़रीबी दोस्त और न्यूयार्क के मशहूर रियल स्टेट डेवलपर स्टेनली चेरा की कोरोना वायरस से मौत हो गई। चेरा की उम्र 70 साल से ज़्यादा थी।
चेरा न्यूयार्क के बहुत बड़े डेवलपर माने जाते थे वह कार्टियर मेनशन जैसी कई मशहूर इमारतों के मालिक थे। चेरा ने 2016 से 2019 के बीच डोनल्ड ट्रम्प के लिए 4 लाख डालर से अधिक डोनेशन दिए। चेरा की क्राउन एक्वीज़ेशन कंपनी ने 2008 में अब ट्रम्प के दामाद हो चुके जेर्ड कुशनर के कारलायल ग्रुप के साथ बड़ा समझौता किया था।
पिछले महीने ट्रम्प ने अपनी टिप्पणी में अपने एक मित्र की बात की थी जो कोरोना वायरस से जूझ रहा था। माना जाता है कि ट्रम्प उस समय चेरा की ही बात कर रहे थे। ट्रम्प ने उस समय कहा था कि हम यह समझ रहे थे कि हमारे मित्र को थोड़े समय के लिए अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है और कोई एक समस्या है लेकिन अब वह कोमा में है।
ट्रम्प ने बाद में कहा था कि हमारे तीन दोस्त अविश्वस्नीय रूप से बीमार हो गए हैं। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि ट्रम्प दूसरे किन दोस्तों की बात कर रहे थे।