कोरोना से यूरोप में ब्रिटेन में सबसे अधिक मौतें
नए आंकड़ों में बताया गया है कि ब्रिटेन में कोरोना वायरस से 30,000 से ज्यादा लोगों की मौत हुई है।
ब्रिटेन में यूरोप के अन्य देशों की तुलना में सबसे अधिक मौते हुई हैं।ब्रिटेन में नए आंकड़ों से पता चला है कि देश में कोरोना वायरस संक्रमण से वहां पर 30,000 से ज्यादा लोगों की मौत हुई है। हिंदुस्तान के अनुसार यह आंकड़े, आधिकारिक आंकड़ों से कहीं ज्यादा है। ब्रिटेन के राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय ने कहा कि कोविड-19 की वजह से इंग्लैंड और वेल्स में 24 अप्रैल तक 29, 710 लोगों की मौत हुई है जबकि इसी अवधि के आधिकारिक आंकड़ों में 22,173 लोगों की मौत की बात कही गई है। इससे पता चलता है कि सांख्यिकी कार्यालय के आंकड़े, सरकारी आंकड़ों से 34 प्रतिशत अधिक हैं।
स्कॉटलैंड और नॉर्दन आयरलैंड के आकंड़े अलग से जमा किए गए हैं जिसके बाद आंकड़ा 30,000 के पार चला गया। ब्रिटेन के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार अब तक 28,734 लोगों की मौत हो चुकी है जो कि इटली के 29,079 मौत के आंकड़ों से थोड़ी ही पीछे है। सांख्यिक कार्यालय के आंकड़े में उन मौतों को भी शामिल किया गया है जो कोविड-19 के संदिग्ध थे और उनकी जांच नहीं हुई थी।