ट्रम्प ने स्वीकार कर लिया कि वह हार रहे हैं
https://parstoday.ir/hi/news/world-i88633-ट्रम्प_ने_स्वीकार_कर_लिया_कि_वह_हार_रहे_हैं
अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प जानते हैं कि वह चुनाव हार रहे हैं और दूसरी बार अमरीका के राष्ट्रपति नहीं बन सकेंगे।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Jun २८, २०२० ११:४२ Asia/Kolkata
  • ट्रम्प ने स्वीकार कर लिया कि वह हार रहे हैं

अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प जानते हैं कि वह चुनाव हार रहे हैं और दूसरी बार अमरीका के राष्ट्रपति नहीं बन सकेंगे।

पोलिटिको ने अमरीकी राष्ट्रपति के कई निकट सहयोगियों के हवाले से दावा किया है कि ट्रम्प को हालिया दिनों में इस कड़वी सच्चाई का अहसास हो गया है कि वह चुनाव हार रहे हैं।

ट्रम्प यह बात जानते हैं कि कोविड-19 महामारी और नस्लभेद के ख़िलाफ़ राष्ट्रव्यापी अशांति के कारण, उनकी लोकप्रियता में भारी गिरावट आ रही है। ख़ास तौर पर मार्च के बाद पिछले हफ़्ते ओक्लाहोमा में आयोजित हुई उनकी पहली रैली में कम भीड़ इकट्ठा हुई, जिससे उन्हें काफ़ी शर्मिंदगी उठाना पड़ी।

गुरुवार को फ़ॉक्स न्यूज़ के पत्रकार सीन हैनिटी ने जब ट्रम्प से उनके दूसरे कार्यकाल के लक्ष्यों के बारे में एक साधारण सवाल पूछा तो सामान्य रूप से आत्म-विश्वास का प्रदर्शन करने वाले अमरीकी राष्ट्रपति ने ऐसा जवाब दिया, जिससे कोई भी आसानी से यह अंदाज़ा लगा सकता है कि उन्हें अपनी हार का अहसास हो गया है। उन्होंने कहाः जो बिडेन आपके राष्ट्रपति होने वाले हैं, क्योंकि कुछ लोग मुझे पसंद नहीं करते हैं, हो सकता है।

इस इंटरव्यू के प्रसारण के कुछ ही देर बाद, ट्रम्प के अपने आंतरिक सर्कल में यह सवाल उठने लगा कि जब उन्होंने दूसरे कार्यकाल की इच्छा जताई थी तो वह पूरी तरह गंभीर थे?

हालांकि नवम्बर में होने वाले राष्ट्रपति चुनाव से पहले अभी ट्रम्प के पास वापसी करने का समय है और वह अपनी स्थिति बेहतर बना सकते हैं। लेकिन राष्ट्रपति के आधा दर्जन से ज़्यादा क़रीबी लोगों का कहना है कि उनके चुनाव प्रचार और ख़ुद उन्हें सही दिशा-निर्देशों की ज़रूरत है, जो बार बार ख़ुद को कम आंकते हैं।

ट्रम्प के पूर्व राजनीतिक सलाहकार सैम ननबर्ग अभी भी उनके समर्थक हैं। उनका कहना है कि वर्तमान स्थिति को देखते हुए कहा जा सकता है कि राष्ट्रपति ट्रम्प आधुनिक अमरीका के इतिहास में सबसे ख़राब हार का सामना करने जा रहे हैं।

ननबर्ग ने सीएनबीसी और न्यूयॉर्क टाइम्स द्वारा पिछले हफ़्ते कराए गए सर्वेक्षण का हवाला दिया, जिसके अनुसार, बाइडन के मुक़ाबले ट्रम्प को 40 प्रतिशत से भी कम मतदाताओं का समर्थन हासिल है। msm