अमरीका की युद्धोन्मादी नीतियों के कारण करोड़ों हुए बेघरः रिपोर्ट
अमरीका की ओर से थोपे गए युद्धों के कारण संसार में करोड़ो लोगों को घरबार छोड़कर बेघर होना पड़ा है।
न्यूयार्क टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार 11 सिंतंबर 2001 के बाद से अमरीकी नीतियों के कारण तीन करोड़ सत्तर लाख से अधिक लोग अपने घरों से पलायन करने पर विवश हुए हैं। इस रिपोर्ट में बताया गया है कि अमरीकी नीतियों के कारण पलायन पर विवश होने वाले इन तीन करोड़ सत्तर लाख लोगों में अधिकांश आम नागरिक हैं जिनका युद्ध से कोई लेना-देना नहीं है।
समाचारपत्र न्यूयार्क टाइम्स की इस रिपोर्ट के अनुसार इराक़, सीरिया, लीबिया, यमन, सोमालिया, अफ़ग़ानिस्तान और पाकिस्तान वे देश हैं जहां के आम लोगों को अमरीका की युद्धोन्मादी नीतियों के कारण अपना घर-बार छोड़कर जाना पड़ा। जानकारों का कहना है कि संसार के विभिन्न क्षेत्रों में अपनी सैन्य उपस्थिति के कारण अमरीका, विश्व के बहुत से देशों में अशांति का कारण बना हुआ है।
इसी बीच अमरीकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने कहा है कि रक्षा ठेकेदारों को राज़ी रखने के लिए पेंटागन के शीर्ष अधिकारी, युद्ध लड़ते रहना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि पेंटागन के अधिकारी बम, हथियार और विमान बनाने वाली कंपनियों को खुश करने के लिए युद्धों को जारी रखना चाहते हैं।