ट्रम्प के समर्थक कल उतरेंगे मैदान मेंः वाइट हाउस
वाइट हाउस की प्रवक्ता ने बताया है कि शनिवार को ट्रम्प के समर्थक बहुत बड़ी संख्या में वाशिग्टन में प्रदर्शन करेंगे।
वाइट हाउस की प्रवक्ता केली मेकनैनी ने शुक्रवार को बताया है कि कल अर्थात शनिवार को ट्रम्प के बहुत से समर्थक राजधानी वाशिग्टन में विरोध प्रदर्शन करने जा रहे हैं।
ट्रम्प के समर्थक यह प्रदर्शन, चुनावी परिणामों के विरोध में करने वाले हैं। इस प्रदर्शन का नाम मिलयन मार्च रखा गया है जिसका एक नारा है, अमरीका को फिर अच्छा बनाओ। इस विरोध प्रदर्शन के बारे में कहा जा रहा है कि यह वाशिग्टन के केन्द्र से आरंभ होकर अमरीका के सुप्रीम कोर्ट तक किया जाएगा। शनिवार को होने जा रहे इस प्रदर्शन के बारे में वाशिग्टन के मेयर ने कहा है कि इनको नियंत्रित करने की क्षमता हमारे भीतर मौजूद है।
ज्ञात रहे कि अमरीका में हुए राष्ट्रपति चुनाव में जो बाइडेन की विजय की घोषणा के बावजूद डोनाल्ड ट्रम्प, अपनी पराजय स्वीकार नहीं कर रहे हैं। ट्रम्प का यह दावा है कि चुनाव में धांधली की गई है। इसी बीच अमरीका के पूर्व राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जाॅन बोल्टन ने कहा है कि डोनाल्ड ट्रम्प की कारसतानियां, देश की राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए गंभीर ख़तरे पैदा कर रही हैं। सीआईए के पूर्व महानिदेशक जान ब्रेनन ने कहा कि अपने राष्ट्रपति काल के बाक़ी रह गए 70 दिनों में राष्ट्रपति ट्रम्प जो कुछ कर रहे हैं वह बहुत चिंताजनक है। दूसरी ओर अमरीका की होमलैंड सेक्युरिटी एजेंसियों ने एलान कर दिया है कि वोटिंग प्रक्रिया में कहीं किसी धांधली का कोई सुबूत नहीं मिला है।
अमरीका की प्रतिनिधि सभा की स्पीकर नेन्सी पेलोसी पहले ही रिपब्लिकन नेताओं से कह चुकी हैं कि वे चुनावो के नतीजों को स्वीकार करें। उन्होंने कहा कि जनता ने अपना फ़ैसला सुना दिया है अब, जो बाइडन अमरीका के राष्ट्रपति हैं और कमला हैरिस देश की उप राष्ट्रपति होंगी।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले अमरीका में राष्ट्रपति पद के चुनाव के बाद हिंसा की संभावना व्यक्त की जा चुकी है। अमरीकी मीडिया के अनुसार राष्ट्रपति चुनाव के बाद हिंसक कार्यवाहियों की आशंका बनी हुई है। न्यूजर्सी ऑफिस ऑफ होमलैंड सिक्योरिटी के निदेशक जेरेड एम ने कहा था कि जब एक राष्ट्रपति ही चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाने लगे तो चुनाव परिणामों को लेकर आम लोगों को भड़काना आसान हो जाता है।