रविवार- 4 अक्तूबर
1777, जर्मनटाउन लड़ाई: ब्रिटिश सेना ने जॉर्ज वाशिंगटन की सेना पर हमला करके उन्हें पराजित कर दिया।
4 अक्तूबर वर्ष 1979 को पाकिस्तान में राष्ट्रीय भाषा प्राधिकरण की स्थापना की गयी जिसका उद्देश्य उर्दू भाषा को प्रचलित करना है। इस संस्था का यह दायित्व था कि उर्दू को सरकारी भाषा बनाने में आने वाली अड़चनों को दूर करे और इसके प्रयोग के लिए सरकार को सुझाव पेश करे और इसी प्रकार विभिन्न शिक्षा और ज्ञान संबंधी संस्थाओं के मध्य समन्वय और सहयोग को विस्तृत करके उर्दू को लागू करने को संभव बनाए। इस संस्था ने इसी प्रकार विभिन्न छोटी बड़ी पुस्तकें भी प्रकाशित कीं। यह संस्था अब तक चार सौ से अधिक विषयों पर पुस्तकें प्रकाशित कर चुकी है। इसी प्रकार इस संस्था के पुस्तकालय में 25 हज़ार से अधिक पुस्तकें हैं जिनमें बहुत सी पुस्तकें दुर्लभ हैं।
4 अक्तूबर वर्ष 1966 को लिसोथो देश ने ब्रिटेन से अपनी स्वतंत्रता की घोषणा की और आज का दिन इस देश में राष्ट्रीय दिवस के रूप में मनाया जाता है। ब्रिटेन से स्वतंत्रता प्राप्त करने से पूर्व इसका नाम बसूटोलैंड था और वर्ष 1884 से यह देश ब्रिटेन का उपनिवेश था। वर्ष 1966 तक इस देश पर ब्रिटेन का साम्राज्य जारी रहा और अंततः आज के दिन लिसोथो ने पूर्ण स्वतंत्रता प्राप्त कर ली। यह देश अफ़्रीक़ा महाद्वीप के दक्षिण में स्थित है। इस देश की राजधानी मसेरू है। इस देश का मुख्य उद्यम कृषि है और यहां बिजली और जल विद्युत की बहुत अधिक संभावनाएं हैं। इस देश से पशु, हीरे और ऊन निर्यात होते हैं।
4 अक्तूबर सन 1957 ईसवी को पहली बार रुस ने अपना उपग्रह अंतरिक्ष में भेजा इस प्रकार अंतरिक्ष पर अधिकार की प्रक्रिया आरंभ हुई। इस उपग्रह का नाम स्पूटनिक 1 था। जिसने 92 दिनों में 1400 बार पृथ्वी का चक्कर लगाया और पहली बार अंतरिक्ष से पृथ्वी पर रेडियायी संदेश भेजा। इसका भार 83 किलोग्राम तथा व्यास 85 सेंटीमीटर था। इसमें रेडियायी संदेश भेजने वाले दो यंत्र लगे हुए थे।

4 अक्तूबर सन् 1830 ईसवी को बेल्जियम ने अपनी स्वाधीनता की घोषणा की यह देश 18वीं शताब्दी के आरंभ से ऑस्ट्रिया के अधिकार में था और इस शताब्दी के अंतिम वर्षों में फ़्रांस के अधिकार में चला गया। किंतु योरोपीय सरकारों से नेपोलियन की पराजय के बाद बेल्जियम और हॉलैंड ने वर्ष 1815 ईसवी में एक युनियन बनाई किंतु यह युनियन अधिक दिनों तक बाक़ी न रह सकी क्योंकि बेल्जियम के कैथोलिक ईसाइयों ने हॉलैंड के प्रोटेस्टेंट ईसाइयों के विरुद्ध संघर्ष आरंभ कर दिया और अपने देश को अलग कर लिया। बाद में हॉलैंड का बेल्जियम पर आक्रमण भी ब्रिटेन और फ़्रांस के हस्तक्षेप के चलते विफल हो गया बेल्जियम में संवैधानिक राजशाही शासन व्यवस्था है। इसका क्षेत्रफल 30 हज़ार वर्ग किलोमीटर से ज़्यादा है।

4 अक्तूबर सन 1963 ईसवी को कैरेबियन सागर का काला तूफ़ान आरंभ हुआ। इस तूफ़ान ने कैरेबियन सागर की सारी बंदरगाहों को नष्ट कर दिया, इसकी गति 150 किलोमीटर प्रतिघंटा थी इसमें कुल मिलाकर 6 हज़ार लोग मारे गये जिनमें अधिकांश क्यूबा और हाइटी के थे।
***
13 मेहर सन 1357 हिजरी शम्सी को ईरान की इस्लामी क्रान्ति के संस्थापक इमाम ख़ुमैनी ने इराक़ से पेरिस की ओर पलायन किया। इमाम ख़ुमैनी ने इस पलायन का निर्णय तब लिया जब इराक़ी सरकार ने ईरान के शाह के विरुद्ध इमाम ख़ुमैनी के अभियान को रोकना चाहा। इराक़ी सरकार ने, जो ईरान के अत्याचारी शाह से अपने संबंधों को प्रगाढ़ रखना चाहती थी, उस समय इराक़ में रह रहे इमाम ख़ुमैनी से मांग की कि वे ईरान के शाह के विरुद्ध अपनी गतिविधियों को बंद करें। किंतु इमाम ख़ुमैनी ने उत्तर में कहा यह मेरा धार्मिक दायित्व है मैं घोषणापत्र भी जारी करुँगा भाषण भी दूंगा और अपने कैसेट ईरान भेजूँगा यह मेरी धार्मिक ज़िम्मेदारी है और तुम्हारा जो कर्तव्य है उसका तुम निर्वाह करो। इराक़ी सरकार के भारी दबाव के बाद अंतत: इमाम ख़ुमैनी ने फ़्रांस की ओर पलायन किया।
