भाजपा सरकार के आगे ट्वीटर ढेर, विदेशी एजेन्ट को दी नौकरी!!!
अमरीकी सीनेट में अपनी गवाही में ह्विसिलब्लोअर पीटर ‘मुज’ जैटको ने बताया कि जिस व्यक्ति पर वह बेहद भरोसा करते थे, वह ट्विटर में स्थापित किया गया भारत का ‘विदेशी एजेंट’था, जिसका काम यह देखना था कि क्या कंपनी भाजपा सरकार की मांगों को मान रही है और साथ ही उसका काम कंपनी की योजनाओं को बेहतर ढंग से समझना था।
अपने बयान में ट्विटर के पूर्व सुरक्षा प्रमुख ने कहा कि कंपनी ने सुरक्षा को ताक़ पर रखकर अधिक लाभ कमाने को प्राथमिकता देते हुए अपने इंजीनियरों की उपेक्षा की।
जैटको ने कहा कि ट्विटर की सुरक्षा प्रणाली पुरानी है और यह अपने आधे से अधिक डेटा सेंटर सर्वरों पर असुरक्षित सॉफ्टवेयर चलाती है। उन्होंने कहा कि विदेशी ख़ुफ़िया एजेंसियों द्वारा कई बार इस मंच में सेंध लगाई गई है।
पिछले महीने एक सनसनीखेज़ शिकायत में जैटको ने आरोप लगाया था कि भारत सरकार ने ट्विटर को एक ऐसे व्यक्ति को काम पर रखने के लिए मजबूर किया जो ‘सरकारी एजेंट’था और संभवत: उसकी पहुंच यूजर्स के संवेदनशील डेटा तक थी।
शिकायत में कहा गया था कि भारत सरकार ने ट्विटर को ऐसे विशिष्ट व्यक्तियों को नियुक्त करने के लिए मजबूर किया जो सरकार के एजेंट थे जिनके पास ट्विटर के बहुत ही संवेदनशील डेटा तक पहुंच होती।
शिकायत में आगे कहा गया, ‘जानबूझकर भारत सरकार के एक एजेंट को कंपनी के सिस्टम और उपयोगकर्ताओं के डेटा तक बिना किसी निगरानी के सीधी पहुंच की अनुमति देकर ट्विटर के अधिकारियों ने अपने यूजर्स के लिए कंपनी की प्रतिबद्धताओं का उल्लंघन किया।
जैटको ने सीनेट को बताया कि उनका मानना है कि भारतीय एजेंट ने ट्विटर की क़ानूनी रणनीति को जुटाने की कोशिश की क्योंकि कंपनी ने सरकार के इस आदेश का विरोध करने की कोशिश की थी कि वह उससे असहमति रखने वालों, विपक्षी पार्टी के सदस्यों और प्रदर्शनकारियों समेत कई खातों को प्रतिबंधित करे।
समाचार एजेंसी एसोसिएटेड प्रेस के अनुसार, जैटको के कई दावे अपुष्ट हैं जिनको साबित करने के लिए उनके पास दस्तावेज़ों की कमी है। ट्विटर ने जैटको के दावों को खारिज किया है और इन्हें झूठा क़रार दिया है। (AK)
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए
हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए