Jul १४, २०२३ ११:१६ Asia/Kolkata
  • भारतीय कहीं भी रहे, उनका दिल भारत के लिए धड़कता हैः भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

फ्रांस की यात्रा पर पहुंचे भारतीय प्रधानमंत्री ने पेरिस में प्रवासी भारतीयों की एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि पेरिस वर्ल्ड ऑर्डर में भारत ख़ास रोल निभा रहा है, हर चुनौती से निपटने में भारत का अनुभव और प्रयास दुनिया के लिए मददगार साबित हो रहा है।

प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक़, भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फ्रांस दौरे के पहले दिन पेरिस में भारतीय समुदाय के लोगों को संबोधित किया। पेरिस के ला सीएन म्यूज़िकले में प्रवासी भारतीयों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा "फ्रांस आना घर आने जैसा है, भारत के लोग जहां जाते हैं मिनी इंडिया बना लेते हैं, मैं जब 'भारत माता की जय' के नारे सुनता हूं, तो ऐसा लगता है जैसे अपने घर आ गया हूं, फ्रांस से मेरा 40 साल पुराना लगाव है।" मोदी ने कहा कि भारतीय कहीं भी रहे, उनका दिल भारत के लिए धड़कता है। , उन्होंने कहा कि "भारत का हज़ारों वर्ष का पुराना इतिहास, भारत का अनुभव, विश्व कल्याण के लिए भारत के प्रयासों का दायरा बहुत बड़ा है, भारत 'मदर ऑफ डेमोक्रेसी' है और भारत 'मॉडल ऑफ डायवर्सिटी' भी है, यह हमारी बहुत बड़ी शक्ति है, ताकत है।" भारतीय प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि "फ्रांस से मेरा लगाव काफ़ी पुराना है और मैं इसे कभी नहीं भूल सकता, क़रीब 40 साल पहले गुजरात के अहमदाबाद में फ्रांस का एक सांस्कृतिक केंद्र शुरू किया गया था, उसी केंद्र का पहला सदस्य आज आपसे बात कर रहा है।"

सर्वोच्च फ्रांसीसी सम्मान से नवाज़े गए भारत के प्रधानमंत्री मोदी।

 

मोदी ने फ्रांस में भारतीय समुदाय लोगों को संबोधित करते हुए संयुक्त राष्ट्र संघ की एक रिपोर्ट का उल्लेख करते हुए कहा कि इस रिपोर्ट में बताया गया है कि सिर्फ 10-15 साल के अंदर ही भारत ने लगभग 42 करोड़ देशवासियों को ग़रीबी रेखा से बाहर निकाला है। यह पूरे यूरोप की आबादी से भी ज़्यादा है, यह पूरे अमेरिका की आबादी से भी ज़्यादा है। आईएमएफ़ की एक स्टडी कहती है कि भारत में अत्यंत ग़रीबी अब ख़त्म होने की कगार पर है। भारत जब इतना बड़ा काम करता है तो इसका फ़ायदा सिर्फ भारत को ही नहीं, बल्कि पूरी मानवता को लाभ होता है। उन्होंने कहा कि भारत की धरती एक बड़े परिवर्तन की गवाह बन रही है, इस परिवर्तन की कमान भारत के नागरिकों के पास है, भारत की बहन-बेटियों के पास है, भारत के युवाओं के पास है, आज पूरा विश्व, भारत के प्रति नई उम्मीद और नई आशा से भरा हुआ है। मोदी ने अपने भाषण में चंद्रयान का भी ज़िक्र किया। उन्होंने कहा 'जब मैं आपसे बात कर रहा हूं तो भारत में चंद्रयान 3 की लॉन्चिंग के लिए रिवर्स काउंटिंग की गूंज सुनाई दे रही है। कुछ घंटों बाद भारत से ऐतिहासिक लॉन्च होने जा रहा है।" इस बीच मोदी की फ्रांस यात्रा को लेकर एक विवाद भी खड़ा हो गया है। विपक्षी पार्टियों के नेताओं समेत सोशल मीडिया पर लोग यह सवाल पूछ रहे हैं कि आख़िर ऐसा क्या है कि जब भी देश पर कोई आफ़त आती है तो मोदी विदेश निकल जाते हैं। मणिपुर में जारी हिंसा और भारत के ज़्यादातर राज्यों में आई बाढ़ पर वह अपनी कोई टिप्पणी नहीं देते हैं। (RZ)

हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए

हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए

हमारा यूट्यूब चैनल सब्सक्राइब कीजिए!

ट्वीटर पर हमें फ़ालो कीजिए 

फेसबुक पर हमारे पेज को लाइक करें

टैग्स