मोदी मुझे जान से मरवा सकते हैं, केजरीवाल
https://parstoday.ir/hi/news/india-i18982-मोदी_मुझे_जान_से_मरवा_सकते_हैं_केजरीवाल
आम आदमी पार्टी के संयोजक व दिल्ली के मुख्य मंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी उन्हें जान से मरवा सकते हैं।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Jul २८, २०१६ ०४:१८ Asia/Kolkata
  • (फ़ाइल फ़ोटो)
    (फ़ाइल फ़ोटो)

आम आदमी पार्टी के संयोजक व दिल्ली के मुख्य मंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी उन्हें जान से मरवा सकते हैं।

उन्होंने 9 मिनट के वीडियो संदेश में पार्टी के विधायकों से कहा है कि वे नरेंद्र मोदी द्वारा जेल भिजवाए जाने के लिए तय्यार रहें।

अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को दावा किया कि प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा प्रमुख अमित शाह राजनैतिक प्रतिशोध में इस हद तक गिर सकते हैं कि उन्हें और उनकी पार्टी के सदस्यों को जान से मरवा सकते हैं।

 

अरविंद केजरीवाल ने अपने फ़ेसबुक अकाउंट पर अपलोड वीडियो में, पार्टी के सभी विधायकों से श्री मोदी द्वारा अंततः जेल भेजे जाने के लिए तय्यार रहने को कहा। अरविंद केजरीवाल ने कहा, “जेल जाना तो छोटा बलिदान है जिसे आप विधायकों को देना है जबकि इससे बड़ा षड्यंत्र रचा जा रहा है।”

 

बुधवार को आम आदमी पार्टी के छतरपूर से विधायक करतार सिंह के घर पर इंकम टैक्स अधिकारियों ने छापा मारा, बाद में शाम को आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता सोनी की आत्महत्या के मामले में पूछताछ के लिए दिल्ली पुलिस नरेला से विधायक शरद चौहान को उठा ले गयी।

रविवार से आम आदमी पार्टी के 2 विधायकों को गिरफ़्तार किया जा चुका है जबकि एक अन्य विधायक राजेश ऋषि, दिल्ली महिला आयोग की प्रमुख स्वाति मालिवाल और आम आदमी पार्टी की युवा शाखा के प्रमुख अमन दबास के ख़िलाफ़ 3 अलग अलग एफ़ आई आर दर्ज की गयी हैं जबकि पार्टी के सांसद भगवत मान सिंह को निलंबित कर दिया गया है।

 

पिछले डेढ़ साल में जबसे आम आदमी पार्टी ने दिल्ली की सत्ता संभाली है, इस पार्टी के 11 विधायकों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है।

दिल्ली के मुख्य मंत्री अरविंद केजरीवाल ने भारतीय प्रधान मंत्री को संबोधित करते हुए कहा, “आपने सीबीआई, दिल्ली पुलिस, एसीबी, और अब इन्कम टैक्स सहित अपनी मशीनरी को हमारे विधायकों के ख़िलाफ़ खुली छूट दे रखी है लेकिन मोदी जी हम आपसे ज़रा भी नहीं डरते।”

 

अरविंद केजरीवाल ने समय को निर्णायक बताते हुए अपनी पार्टी के लोगों से और सोच विचार करने की अपील की और विधायकों को सचेत किया कि आम आदमी पार्टी और केन्द्र सरकार के बीच संघर्ष और ख़तरनाक रुख़ अख़्तियार कर सकता है।

दिल्ली के मुख्य मंत्री ने कहा, “आप सब इस बारे में अपने परिवार के सदस्यों से बात कीजिए। वे किसी भी सीमा तक जा सकते हैं और हमें मरवा सकते। वे मुझे भी जान से मरवा सकते हैं। वे कुछ भी कर सकते हैं।”

 

केजरीवाल ने कहा कि कुछ लोग कहते हैं कि विरोधी दिल्ली में अच्छे काम को पचा नहीं पा रहे हैं। कुछ और लोगों का कहना है कि दिल्ली में हार को पचा नहीं पा रहे, बाकी लोगों का कहना है कि यह सब पंजाब, गोवा और गुजरात में हमें मिल रहे समर्थन की वजह से हो रहा है।(MAQ/N)