प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी संविधान या क़ानून से ऊपर नहीं हैं, कॉन्ग्रेस
-
कान्ग्रेस नेता आनंद शर्मा (फ़ाइल फ़ोटो)
कॉन्ग्रेस पार्टी ने प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी के क़ब्रस्तान और शमशान से संबंधित बयान की आलोचना करते हुए उन पर उत्तर प्रदेश में जारी विधान सभा चुनाव के दौरान माहौल ख़राब करने का आरोप लगाया।
कॉन्ग्रेस के वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा ने सोमवार को दिल्ली में पत्रकारों से बात करते हुए प्रधान मंत्री पर आरोप लगाया कि वह सांप्रदायिक तनाव पैदा करने और समाज को धर्म के आधार पर बांटने का प्रयास कर रहे हैं। आनंद शर्मा ने कहा कि क़ब्रस्तान और शमशान पर नरेंद्र मोदी का बयान उनकी मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि यह स्पष्ट है कि भाजपा करारी हार की ओर बढ़ रही है और प्रधान मंत्री ने अपने भाषण में संतुलन खो दिया है। उन्होंने याद दिलाया कि प्रधान मंत्री संविधान या क़ानून से ऊपर नहीं हैं। ग़ौरतलब है कि प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को फ़तेहपुर में एक रैली को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश की सरकार पर भेदभाव की राजनीति करने का आरोप लगाया था।
उधर उत्तर प्रदेश के मुख्य मंत्री अखिलेश यादव ने प्रधान मंत्री के फ़तेहपुर रैली में रमज़ान के साथ साथ दीवाली में भी बिजली देने से संबंधित बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी ग़लत बयान करके जनता में अपना भरोसा खो रहे हैं, जबकि हम काशी को भी 24 घंटे बिजली देते हैं कि जहां से नरेंद्र मोदी सांसद चुने गए हैं।
अखिलेश यादव ने कहा कि प्रधान मंत्री उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने पर किसानों का क़र्ज़ माफ़ करने की बात रहे हैं अगर वे क़र्ज़ माफ़ करना चाहते हैं तो पहले भाजपा शासित राज्यों छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश और झारखंड के किसानों के क़र्ज़ माफ़ करें। (MAQ/N)