कश्मीर की नियंत्रण रेखा पर एक भारतीय सैनिक हताहत
पाकिस्तानी सेना ने जम्मू व कश्मीर के राजौरी जिले में नियंत्रण रेखा पर सोमवार को लगातार दूसरे दिन संघर्षविराम का उल्लंघन करते हुए भारी गोलाबारी की जिसमें सेना का एक जवान शहीद हो गया और चार अन्य घायल हो गए।
भारतीय रक्षा प्रवक्ता ने बताया कि सोमवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे पाकिस्तानी सेना ने राजौरी जिले के सुंदरबनी सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर मोर्टार से गोले दागे और छोटे हथियारों से गोलीबारी की। प्रवक्ता ने बताया कि घटना में राइफलमैन करमजीत सिह गंभीर रूप से घायल हो गए और बाद में उन्होंने दम तोड़ दिया। इस घटना में चार अन्य सैनिक घायल हो गए जिनमें से दो की हालत गंभीर बनी हुई है।
रक्षा प्रवक्ता ने करमजीत सिह को श्रद्धांजलि देते हुए उन्हें निडर और बहादुर सैनिक बताया। अधिकारियों के अनुसार सुंदरबनी सेक्टर में केरी बट्टल सीमावर्ती इलाके में गोलाबारी हुई। पाकिस्तान सेना ने रविवार को भी बिना किसी उकसावे के संघर्ष विराम का उल्लंघन किया था। भारत और पाकिस्तान एक-दूसरे पर कश्मीर में नियंत्रण रेखा पर संघर्ष विराम के उल्लंघन का आरोप लगाते रहते हैं। 14 फरवरी 2019 को पुलवामा में भारतीय सैनिकों पर हुए हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव में बहुत तेज़ी से वृद्धि हुई है। इस आक्रमण में 44 भारतीय सैनिक मारे गए थे।