बिहार कई ज़िलों में आसमानी बिजली का क़हर, 83 लोगों की मौत
https://parstoday.ir/hi/news/india-i88570-बिहार_कई_ज़िलों_में_आसमानी_बिजली_का_क़हर_83_लोगों_की_मौत
बिहार के विभिन्न ज़िलों में बिजली गिरने की वजह से अब तक 83 लोगों को मारे जाने की ख़बर है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Jun २५, २०२० १६:५४ Asia/Kolkata
  • बिहार कई ज़िलों में आसमानी बिजली का क़हर, 83 लोगों की मौत

बिहार के विभिन्न ज़िलों में बिजली गिरने की वजह से अब तक 83 लोगों को मारे जाने की ख़बर है।

बिहार राज्य के आपदा प्रबंधन विभाग ने यह जानकारी दी है आसमानी बिजली गिरने से राज्य में 83 लोगों की मौत हो चुकी है।

राज्य की नीतीश कुमार सरकार ने मृतकों के परिवारों को आर्थिक सहायता देने का निर्देश दिया है। राज्य सरकार के जनसंपर्क विभाग द्वारा प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार मुख्यमंत्री ने मृतकों के आश्रितों को 4-4 लाख रुपये अनुग्रह अनुदान देने का निर्देश दिया है।

राज्य सरकार ने मृतकों के परिवारवालों के लिए आर्थिक सहायता का ऐलान किया है वहीं पीएम नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर शोक व्यक्त किया है।

बिजली गिरने से सबसे ज्यादा मौतें गोपालगंज में हुई हैं, जहाँ 13 लोगों के मारे जाने की ख़बर है। इसके बाद मधुबनी में 8, नवादा में 8, भागलपुर में 6 मौतें हुई हैं। वहीं पूर्वी चंपारण, सीवान और बांका में 5-5 लोगों के मारे जाने की ख़बर है। इसके अलावा खगड़िया में 3, पश्चिमी चंपारण में 2, समस्तीपुर में 1, किशनगंज में 2, शिवहर में 1, सारण में 1, जहानाबाद में 2, सीतामढ़ी में 1, जमुई में 2, , पूर्णिया में 2, सुपौल में 2, औरंगाबाद में 3, बक्सर में 2, मधेपुरा में 1 और कैमूर में 2 लोगों की मौत पर सीएम नीतीश कुमार ने गहरा शोक व्यक्त किया है।

मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की है कि सभी लोग ख़राब मौसम में पूरी सतर्कता बरतें। सीएम ने राज्य के लोगों से अपील की है कि ख़राब मौसम होने पर आसमानी बिजली से बचाव के लिए आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा समय समय पर जारी किए गए सुझावों पर अमल करें। उन्होंने कहा है कि खराब मौसम में घरों में रहें और सुरक्षित रहें।

 

ताज़ातरीन ख़बरों, समीक्षाओं और आर्टिकल्ज़ के लिए हमारा फ़ेसबुक पेज लाइक कीजिए!

हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए