पुलवामा हमले को लेकर विपक्ष पर मोदी का हमला
भारत के प्रधानमंत्री ने पुलवामा में हुए आतंकी हमले के बारे में पाकिस्तानी नेताओं के बयानों के बाद विपक्ष पर कड़ा प्रहार किया है।
नरेंद्र मोदी ने शनिवार को गुजरात के केवडिया में सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर अपने संबोधन में उन्होंने पुलवामा हमले का उल्लेख करते हुए कहा कि हम वह समय कभी भूल नहीं सकते कि जब अपने वीर बेटों के जाने से पूरा देश दुखी था, तब कुछ लोग इस दुख में शामिल नहीं थे और वह इसमें भी अपना स्वार्थ देख रहे थे। उन्होंने कहा कि देश भूल नहीं सकता कि तब कैसी-कैसी बातें कही गईं? और जब देश पर इतना बड़ा घाव लगा था तब स्वार्थ की भद्दी राजनीति चरम पर थी।
नरेंद्र मोदी ने कहा कि पिछले दिनों पड़ोसी देश से जो ख़बरें आई हैं और वहां की संसद में सत्य स्वीकारा गया है, उसने इन लोगों के अस्ली चेहरों को देश के सामने ला दिया है। भारत के प्रधानमंत्री ने कहा कि पुलवामा हमले के बाद की गई राजनीति इसका बहुत बड़ा उदाहरण है कि कैसे स्वार्थ की राजनीति चरम पर जा सकती है। उन्होंने कहा कि मैं ऐसे राजनीतिक दलों से आग्रह करूंगा कि देश की सुरक्षा के हित में और हमारे सुरक्षाबलों के मनोबल के लिए कृपा करके ऐसी राजनीति न करें क्योंकि अपने स्वार्थ के लिए, जाने-अनजाने आप देश विरोधी ताक़तों की हाथों में खेलकर, न देश का हित कर पाएंगे और न ही अपने दल का।
भारत के प्रधानमंत्री ने कोरोना महामारी के बारे में कहा कि पिछले साल किसी ने कल्पना भी नहीं की थी कि यह महामारी आएगी। इसने पूरे विश्व में मानव जीवन को प्रभावित किया है, हमारी गति को प्रभावित किया लेकिन देश सामूहिक ताक़त और इच्छाशक्ति के साथ इससे लड़ा और ऐसा इतिहास में पहले कभी नहीं देखा गया। उन्होंने कहा कि आज भारत कोरोना से उबर भी रहा है और एकजुट होकर आगे भी बढ़ रहा है। (HN)
ताज़ातरीन ख़बरों, समीक्षाओं और आर्टिकल्ज़ के लिए हमारा फ़ेसबुक पेज लाइक कीजिए!
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए