भारत बंद, उत्तर से दक्षिण तक दिखा असर
किसानों की अपील पर आज भारत बंद है, जिसका असर साफ़ तौर पर नज़र आया।
तीन कृषि क़ानून को वापस लेने की मांग को लेकर किसानों और केन्द्र सरकार के बीच बातचीत के नाकाम होने के बाद, किसानों ने मंगलवार को भारत बंद की अपील की है। इसके साथ ही किसानों ने भारत बंद के तहत लोगों से शांतिपूर्ण तरीक़े से विरोध करने की अपील की है।
दिल्ली की सिंघु सीमा पर किसान नेताओं ने कहा की बंद में राष्ट्रीय मार्गों पर सुबह 10 बजे से 3 बजे दोपहर तक चक्का जाम रहेगा, जबकि धरना प्रदर्शन पूरे दिन जारी रहेगा।
पंजाब के किसानों के संघ, क्रांतिकारी किसान यूनियन के अध्यक्ष डॉक्टर दर्शन पाल ने कहाः “हम साफ़ तौर पर कहना चाहते हैं कि जो चाहे अपनी मर्ज़ी से दुकान और व्यवसाय को बंद करे, किसी को इसके लिए मजबूर नहीं किया जाएगा। हम हिंसा नहीं चाहते। हम बहुत दिन से सीमाओं पर शांतिपूर्ण ढंग से बैठे हैं और चाहते हैं कि यही चीज़ बंद के दौरान भी ज़ाहिर हो। किसी भी तरह की एमरजेन्सी सेवा नहीं रुकेगी।”
किसानों का कहना है कि इस बंद का असर फ़ायर ब्रिगेड सेवा, एम्ब्यूलेंस, दवाओं सहित दूसरी एमरजेन्सी सेवाओं पर नहीं पड़ेगा, लेकिन फल, सब्ज़ी और डेरी प्रभावित होगी।
पंजाब, कर्नाटक, हरियाणा, मध्य प्रदेश और यूपी सहित दूसरे राज्यों के राजनैतिक दलों और संघों ने बंद का समर्थन किया है।
क्रांतिकारी किसान यूनियन के अध्यक्ष डॉक्टर दर्शन पाल ने कहाः “हम राजनेताओं का किसानों के मुद्दे का समर्थन करने पर शुक्रिया अदा करते हैं लेकिन अगर वे प्रोटेस्ट करना चाहते हैं तो अपना बैनर छोड़कर किसानों के झंडे तले आकर प्रोटेस्ट करें। यह बंद पूरी तरह किसानों और किसान बिल के ख़िलाफ़ उनके प्रदर्शन के समर्थन के लिए है।”
तेलंगाना में भारत बंद
तेलंगाना में सत्ताधारी टीआरएस पार्टी और कॉन्ग्रेस सहित विपक्षी दलों और अनेक संघों ने भी, केन्द्र सरकार के नए कृषि क़ानून के ख़िलाफ़, मंगलवार के भारत बंद के समर्थन में विरोध प्रदर्शन किया।
तमिलनाडु में भी भारत बंद
तमिलनाडु में विपक्षी पार्टी डीएमके और कॉन्ग्रेस सहित उसकी घटक पार्टियों के कार्यकर्ता पूरे राज्य में, किसानों की भारत बंद की अपील के समर्थन में सड़कों पर निकले और केन्द्र सरकार से तीनों क़ानून वापस लेने की मांग की। (MAQ/N)
ताज़ातरीन ख़बरों, समीक्षाओं और आर्टिकल्ज़ के लिए हमारा फ़ेसबुक पेज लाइक कीजिए!
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए
हमारा यूट्यूब चैनल सब्सक्राइब कीजिए!