वाशिंग्टनः ईरान के साथ एटमी डील में पूरी तरह वापसी चाहते हैं!
अमरीका के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा है कि हम ईरान के साथ एटमी डील में पूरी तरह वापसी चाहते हैं।
नेड प्राइस ने पत्रकार सम्मेलन में वियेना में जारी वार्ता का हवाला देते हुए कहा कि हम चाहते हैं कि ईरान और अमरीका दोनों संपूर्ण रूप से एटमी डील में वापस आ जाएं, वियेना में ईरान के साथ बातचीत चल रही है और पिछले दिनों अच्छी प्रगति हासिल हुई, हमें ईरान के परमाणु कार्यक्रम की गति को देखते हुए परमाणु वार्ता में भी गति लाने की ज़रूरत है।
प्राइस ने वर्तमान हालात के लिए अमरीका की पूर्व सरकार को ज़िम्मेदार ठहराया और कहा कि पिछली सरकार ने अधिकतम दबाव की नीति के लिए जो तर्क दिया था कि इससे ईरान के साथ बेहतर डील के हालात बनेंगे वह निराधार साबित हुआ बल्कि ईरान का साहस और भी बढ़ गया।
उधर फ़्रांस के विदेश मंत्री जान एफ़ लोदरियान ने कहा कि परमाणु समझौते में शामिल देशों के साथ ईरान की वार्ता बहुत धीमी गति से आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि यह गतिहीनता सभी पक्षों के हितों को पूरा करने वाले समझौते तक उचित समयसीमा के भीतर पहुंच जाने की कोशिश को ख़तरे में डाल रही है।
लोदरियान ने कहा कि दिसम्बर में बहुत कम प्रगति हुई अभी अंतिम समझौते तक पहुंचने के लिए हमें लंबा रास्ता तय करना है।
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए
हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए