May १८, २०१६ १९:३१ Asia/Kolkata
  • ईरान और क्रोएशिया के राष्ट्रपतियों की प्रेस कांफ़्रेंस

ईरान और क्रोएशिया के राष्ट्रपतियों ने द्विपक्षीय संबंधों में विस्तार पर बल दिया है।

दोनों नेताओं ने आपसी संबंधों को मज़बूत बनाने और क्षेत्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर विशेषकर आतंकवाद और चरमपंथ से मुक़ाबले की परिधि में सहयोग में वृद्धि पर बल दिया।

डाक्टर हसन रूहानी ने बुधवार को क्रोएशिया की राष्ट्रपति श्रीमती कोलिंडा ग्राबर किटरोविक के साथ संयुक्त प्रेस कांफ़्रेंस में क्रोएशिया को बालकान क्षेत्र में ईरान का मित्र देश बताया। उन्होंने कहा कि ईरान ने क्रोएशिया की स्वतंत्रता को तुरंत आधिकारिक रूप से स्वीकार कर लिया और उस समय से ही दोनों देशों के बीच अच्छे और मैत्रीपूर्ण संबंध रहे हैं।

डाक्टर हसन रूहानी ने कहा कि क्रोएशिया, ईरान के साथ सांस्कृतिक और एेतिहासिक समानताएं रखने तथा इस देश की विशेष भौगोलिक स्थिति के कारण, यूरोपीय संघ तक पहुंचने के लिए ईरान के लिए द्वार हो सकता है।

राष्ट्रपति रूहानी ने कहा कि इस यात्रा में राष्ट्रपति के साथ एक उच्चस्तरीय व्यापारिक और आर्थिक प्रतिनिधि मंडल की उप्सथिति से पता चलता है कि क्रोएशिया की सरकार ईरान से अपने संबंधों को विस्तृत करने के प्रयास में है।

इस अवसर पर क्रोएशिया की राष्ट्रपति श्रीमती कोलिंडा ग्राबर किटरोविक ने तेहरान की यात्रा को दोनों देशों के संबंधों विशेषकर आर्थिक मामलों में विस्तार के लिए महत्वपूर्ण बताया। उनका कहना था कि क्रोएशिया, यूरोपीय संघ तक ईरान की ऊर्जा पहुंचााने का बेहतरीन मार्ग हो सकता है। (AK)

टैग्स