दुश्मन, समाज पर मॉडर्न जिहालत थोपना चाहता है, राष्ट्रपति रईसी
ईरान के राष्ट्रपति सैयद इब्राहीम रईसी ने कहा है कि आज दुश्मन विभिन्न हथियारों और साज़िशों के ज़रिए हमारे राष्ट्र पर मॉडर्न जिहालत थोपना चाहते हैं, लेकिन यह शहीदों का ख़ून है, जो समाज से जिहालत को पाक कर देता है।
सोमवार को तेहरान स्थित राष्ट्रपति कार्यालय में शहीदों के परिजनों को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति रईसी ने कहाः शहीद दिवस, दर असल शहीदों के लक्ष्य, उद्देश्य और मार्ग को याद रखने का एक अवसर है।
उन्होंने कहा कि इस्लामी गणतंत्र की महानता, संप्रभुता, एकता और सुरक्षा शहीदों के ख़ून का ही फल है। दुश्मनों ने इस्लामी क्रांति की सफलता की शुरूआत से ही तरह-तरह की साज़िशों के ज़रिए लोगों में निराशा फैलाने का प्रयास किया, लेकिन शहीदों ने अपने अमल से हमें यह सिखाया कि ख़ुदा पर भरोसा करके समस्त समस्याओं पर क़ाबू पाया जा सकता है।
ईरान के कुछ शहरों में पिछले दिनों में होने वाले दंगों के बारे में राष्ट्रपति रईसी ने कहाः इस्लामी गणतंत्र ईरान को पिछले 44 साल का अनुभव है, लेकिन इससे यह साबित हो गया है कि ईरानी राष्ट्र से मुक़ाबले में दुश्मनों को कुछ हासिल नहीं हुआ है और भविष्य में भी कुछ हासिल नहीं होगा। क्योंकि देश समस्त दबावों के बावजूद गौरवशाली उपलब्धियां हासिल कर रहा है और प्रगति के मार्ग पर आगे बढ़ रहा है। msm