ईरान, क्षेत्रीय विवादों की समाप्ति के लिए हर संभव मदद करेगा
राष्ट्रपति ने कहा है कि इस्लामी गणतंत्र ईरान, क्षेत्रीय विवादों की समाप्ति के लिए हर संभव मदद करने को तैयार है।
डाॅक्टर हसन रूहानी ने रविवार की शाम आर्मीनिया के विदेश मंत्री एडवर्ड नालबंदियान से मुलाक़ात में तेहरान व ईरवान के संबंधों के व्यापक विस्तार के लिए सभी क्षमताओं व संभावनाओं से भरपूर लाभ उठाए जाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने ईरान व आर्मीनिया के अच्छे संबंधों और अर्थ व्यवस्था, संस्कृति, व्यापार, ऊर्जा, परिवहन, कृषि और पर्यटन जैसे क्षेत्रों में दोनों देशों के सहयोग की ओर संकेत करते हुए कहा कि आज प्रतिबंधों की समाप्ति के बाद तेहरान व ईरवान के समक्ष अपनेे व्यापारिक व आर्थिक संबंधों को विस्तृत करने का उचित अवसर उपलब्ध है। उन्होंने क्षेत्रीय व अंतर्राष्ट्रीय मामलों में दोनों देशों के सहयोग की ओर संकेत करते हुए कहा कि इस्लामी गणतंत्र ईरान हमेशा, क्षेत्र में शांति, सुरक्षा व स्थिरता का समर्थक रहा है और वह क्षेत्रीय विवादों के समाधान में पड़ोसी देशों की हर संभव मदद के लिए तैयार है।
इस मुलाक़ात में आर्मीनिया के विदेश मंत्री एडवर्ड नालबंदियान ने अपनी ईरान यात्रा पर ख़ुशी प्रकट करते हुए राष्ट्रपति रूहानी को अपने देश के राष्ट्रपति का लिखित संदेश दिया और कहा कि आर्मीनिया हमेशा, इस्लामी गणतंत्र ईरान के साथ अपने संबंधों को विस्तृत करने का इच्छुक है। (HN)