इस्लामी क्रांति के संरक्षक बलों के हाथों 11 आतंकवादी ढेर
ईरान के पश्चिमोत्तर प्रांत कुर्दिस्तान में इस्लामी क्रांति संरक्षक बल की कार्यवाही में 11 आतंकवादी मारे गए हैं।
आईआरजीसी ने घोषणा की है कि देश के पश्चिमोत्तरी प्रांत कुर्दिस्तान के सीमावर्ती क्षेत्रों से ईरान में घुसपैठ करने की कोशिश कर रहे 11 आतंकवादियों को मार गिराया गया।
ईरान के कुर्दिस्तान प्रांत में इस्लामी क्रांति संरक्षक बल के कमांडर मोहम्मद हुसैन रजबी ने मंगलवार को अपने एक बयान में कहा है कि ईरान की इस्लामी क्रांति के दुश्मन, आतंकवादियों से मिलकर अपनी 11 सदस्यीय टीम बनाकर ईरान के अंदर घुसपैठ की कोशिश कर रहे थे।
उन्होंने बताया कि देश की रक्षा में व्यस्त आईआरजीसी के जवानों ने आतंकियों की इस टोली के ईरान की सीमा के अंदर घुसते ही उसका पीछा करना शुरू कर दिया था और सीमावर्ती शहर सर्वाआबाद के नज़दीक जवानों ने आतंकियों को मार गिराया।
दूसरी ओर इस्लामी क्रांति के संरक्षक बल के जवानों ने देश के पश्चिमी आज़रबाईजान प्रांत के महाबाद शहर में भी एक कार्यवाही में 5 आतंकवादियों को उनकी आतंकी कार्यवाहियों से पहले मार गिराया।
उल्लेखनीय है कि ईरान की सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारियों ने पिछले कुछ सप्ताह के दौरान देश में आतंकवादियों की कई साज़िशों को नाकाम बनाकर कई आतंकवादी तत्वों को ग़िरफ़्तार भी किया है। (RZ)