सीरियाई जनता अपने भविष्य के बारे में ख़ुद फैसला करेः राष्ट्रपति रूहानी
राष्ट्रपति रूहानी ने हलब की आज़ादी और सीरिया में संघर्ष विराम को शांति व स्थिरता के लिए उठाए गए दो अहम क़दम बताए।
डॉक्टर रूहानी ने बुधवार को तेहरान में सीरिया के प्रधानमंत्री एमाद मोहम्मद दीब ख़मीस से मुलाक़ात में आतंकियों के ख़िलाफ़ सीरियाई राष्ट्र की हालिया सफलता की बधाई दी। उन्होंने कहा कि हलब की आज़ादी ने यह दर्शा दिया कि सीरियाई जनता आतंकियों से मुक़ाबले में अपनी भूमि की अच्छी तरह रक्षा कर रही है, इसलिए आतंकवादी गुट और उनके समर्थक अपने लक्ष्य तक नहीं पहुंच पाएंगे।
ईरानी राष्ट्रपति ने कहा कि सीरिया के सभी मित्र देशों का लक्ष्य इस देश में शांति व स्थिरता लाना है। इसी प्रकार उन्होंने कहा कि सीरिया के मित्र देश ऐसा मार्ग समतल करना चाहते हैं कि इस देश की जनता अपने देश के भविष्य के बारे में ख़ुद फैसला कर सके।
डॉक्टर हसन रूहानी ने उम्मीद जताई कि क़ज़्ज़ाक़िस्तान की राजधानी आस्ताना में आगामी बैठक, सीरियाई पक्षों के बीच वार्ता शुरु होने के लिए वास्तव में आरंभिक बिन्दु साबित होगी। उन्होंने तेहरान-दमिश्क़ संबंध को अटूट बताते हुए बल दिया कि दोनों देशों को बहुआयामी सहयोग को मज़बूत बनाने और विकास के लिए मौजूद संभावनाओं व अवसरों से लाभ उठाना चाहिए।
इस अवसर पर सीरियाई प्रधानमंत्री ने हलब की सफलता को सीरियाई राष्ट्र की दृढ़ता, इस देश की सेना के बलिदान और ईरान की ओर से सीरिया को भरपूर समर्थन का नतीजा बताया। उन्होंने कहा कि सीरियाई राष्ट्र और सरकार ने यह संकल्प लिया है कि वे आतंकियों के ख़िलाफ़ डटे रहेंगे और देश में सुरक्षा बहाल करके ही दम लेंगे। (MAQ/N)