ईरान की ताक़त बढ़ाने पर विदेश व रक्षा मंत्री का बल
ईरान के विदेश व रक्षा मंत्रियों ने अपने कार्यकाल में देश की कूटनैतिक व रक्षा शक्ति में वृद्धि पर बल दिया है।
मुहम्मद जवाद ज़रीफ़ ने रविवार को नए मंत्रिमंडल की पहली बैठक के बाद पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि ईरान को संयुक्त समग्र कार्य योजना या जेसीपीओए के क्रियान्वयन के पहले ही दिन से अमरीका की ओर से वचन तोड़ने की समस्या का सामना रहा है इस लिए विदेश मंत्रालय परमाणु समझौते के सही क्रियान्वयन के लिए निरंतर प्रयास करेगा। उन्होंने बल देकर कहा कि ईरानी विदेश मंत्रालय की एक अन्य प्राथमिकता पड़ोसी देशों के साथ संबंध विस्तार और प्रतिरोधक अर्थ व्यवस्था के कार्यक्रम में सहायता है और आशा है कि मंत्रिमंडल के अन्य सदस्यों की मदद से हम इस कार्यक्रम को अच्छी तरह आगे बढ़ाएंगे।
ईरान के नए रक्षा मंत्री ब्रिगेडियर जनरल अमीर हातेमी ने भी पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि वे आरंभ से ही देश की प्रतिरोधक शक्ति में विस्तार के लिए, जो सुरक्षा की स्थापना के लिए ज़रूरी है, कोशिश करेंगे। उन्होंने बल देकर कहा कि इस्लामी गणतंत्र ईरान की प्रतिरक्षा की नीतियां निर्धारित कार्यक्रम के आधार पर आगे बढ़ेंगी और कभी भी दबाव से प्रभावित नहीं होंगी। (HN)