जेसीपीओए से अमरीका निकला तो ईरान के पास दूसरा विकल्प हैः विदेशमंत्री
इस्लामी गणतंत्र ईरान के विदेशमंत्री मुहम्मद जवाद ज़रीफ़ ने कहा है कि यदि अमरीका संयुक्त समग्र कार्य योजना जेसीपीओए से निकला तो ईरान के पास भी दूसरे विकल्प हैं।
मुहम्मद जवाद ज़रीफ़ ने अलजज़ीरा टीवी चैनल से बात करते हुए कहा कि यदि अमरीका परमाणु समझौते पर प्रतिबद्ध रहा तो उसकी स्थिति बेहतर होगी।
ईरान और ब्रिटेन, फ़्रांस, रूस, चीन, अमरीका और जर्मनी पर आधारित गुट पांच धन एक के बीच हुए परमाणु समझौता का क्रियान्वयन जनवरी 2016 से हो गया है किन्तु इस गुट के एक सदस्य के रूप में अमरीकी सरकार ने इस समझौते के क्रियान्वयन में हमेशा अपने वादों का उल्लंघन किया है।
श्री जवाद ज़रीफ़ ने कहा कि क़तर के बारे में सऊदी अरब की नीति सकारात्मक नहीं है। उन्होंने कहा कि सऊदी अरब को आतंकवाद के निर्यात और चरमपंथ की विचारधारा को छोड़ देना चाहिए।
इस्लामी गणतंत्र ईरान के विदेशमंत्री ने इस बात पर बल देते हुए कि ईरान क्षेत्र में स्थिरता का प्रयास कर रहा है, कहा कि सऊदी अरब और संयुक्त अरब इमारात के अधिकारियों की कार्यवाहियां, ईरान के प्रयासों पर नकारात्मक प्रभाव डाल रही हैं। (AK)