सारे मुसलमानों के लिए ज़रूरी है फ़िलिस्तनी मुद्दे का समर्थन
https://parstoday.ir/hi/news/iran-i53461-सारे_मुसलमानों_के_लिए_ज़रूरी_है_फ़िलिस्तनी_मुद्दे_का_समर्थन
ईरान और तुर्की के राष्ट्रपतियों ने फ़िलिस्तीन के विरुद्ध अमरीकी षडयंत्र से मुक़ाबले का आहवान किया है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Dec ०६, २०१७ १५:१६ Asia/Kolkata
  • सारे मुसलमानों के लिए ज़रूरी है फ़िलिस्तनी मुद्दे का समर्थन

ईरान और तुर्की के राष्ट्रपतियों ने फ़िलिस्तीन के विरुद्ध अमरीकी षडयंत्र से मुक़ाबले का आहवान किया है।

राष्ट्रपति डाक्टर हसन रूहानी ने कहा है कि ईरान का यह मानना है कि वर्तमान परिस्थितियों में सारे इस्लामी देशों को अमरीका के फ़िलिस्तीन विरोधी षडयंत्र के मुक़ाबले में एकजुट हो जाना चाहिए।  उन्होंने कहा कि फ़िलिस्तीन के संबन्ध में अमरीकी फैसला अनुचित, ग़ैर क़ानूनी, ख़तरनाक और उकसावे वाला है।  राष्ट्रपति रूहानी ने कहा कि फिलिस्तीन का मामला इस्लामी जगत का सबसे महत्वपूर्ण मामला है।  उन्होंने कहा कि ईरान सभी इस्लामी और विश्व के शांतिप्रेमी देशों से मांग करता है कि वे अमरीका की इस ग़ैर क़ानूनी कार्यवाही के मुक़ाबले में उठ खड़े हों।  ईरान के राष्ट्रपति ने कहा कि क्षेत्र में व्याप्त अशांति का परोक्ष और अपरोक्ष जि़म्मेदार अवैध ज़ायोनी शासन ही है।

तुर्की के राष्ट्रपति अर्दोग़ान ने बैतुल मुक़द्दस को फ़िलिस्तीन का अटूट अंग बताते हुए कहा कि बैतुल मुक़द्दस के बारे में अमरीकी राष्ट्रपति की सोच, इस्लामी जगत के मतभेदों का परिणाम है।  उन्होंने भी कहा कि इस समय पूरी दुनिया के मुसलमानों को एकजुट होकर क़ुद्स विरोधी नीति का मुक़ाबला करना चाहिए।

उल्लेखनीय है कि बुधवार को ईरान के राष्ट्रपति डाक्टर हसन रूहानी ने तुर्की के राष्ट्रपति रजब तैयब अर्दोग़ान के साथ टेलिफोन पर फ़िलिस्तीन की वर्तमान स्थिति और बैतुल मुक़द्दस के बारे में ट्रम्प के संभावित निर्णय के बारे में बात की है।