कुछ देश दूसरों से सुरक्षा की भीख मांग रहे हैंः ईरान
इस्लामी गणतंत्र ईरान के विदेशमंत्रालय के प्रवक्ता बहराम क़ासिमी ने कहा है कि मध्यपूर्व के महत्व के दृष्टिगत ईरान क्षेत्र की सुरक्षा के लिए अपना स्वभाविक किरदार अदा कर रहा है।
बुधवार को तेहरान में एक प्रेस कांफ़्रेंस में ईरान के विदेशमंत्रालय के प्रवक्ता बहराम क़ासिमी ने ईरान के विरुद्ध अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प की ताज़ा धमकियों के बारे में कहा कि शानदार अतीत और भव्य सभ्यता व संस्कृति का स्वामी ईरान, पूरी दुनिया में सकारात्मक भूमिका अदा कर रहा है।
ज्ञात रहे कि अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प ने कैलीफ़ोर्निया की सैन्य छावनी में भाषण देते हुए कहा कि ईरान ही मध्यपूर्व की समस्त समस्याओं की जड़ है।
ईरान के विदेशमंत्रालय के प्रवक्ता ने स्पष्ट किया कि सीरिया में ईरान का सैन्य परामर्श भी इस देश की सुरक्षा और स्थिरता में सहयोग के लिए है और हमें आशा है कि सीरिया संकट शीघ्र ही हल हो जाएगा।
श्री बहराम क़ासिमी ने कहा कि क्षेत्र की सुरक्षा और स्थिरता को सुनिश्चित बनाने के लिए सामूहिक कोशिशों की आवश्यकता है किन्तु खेद की बात यह है कि क्षेत्र के कुछ देश न केवल क्षेत्रीय स्थिरता में मदद नहीं कर रहे हैं बल्कि विदेशी शक्तियों से अपनी सुरक्षा की भीख मांगते दिखाई देते हैं।
उन्होंने 16 मार्च को विएना में परमाणु समझौते के बारे में होने वाली संयुक्त समिति की बैठक की ओर संकेत करते हुए कहा कि उस बैठक में अमरीकी उल्लंघनों और उसके द्वारा पैदा की गयी समस्याओं सहित सामने वाले पक्षों के क्रियाकलापों की समीक्षा की जाएगी। (AK)