रक्षा मामलों पर दूसरों से वार्ता नहीं, विदेशमंत्रालय के प्रवक्ता
इस्लामी गणतंत्र ईरान के विदेशमंत्रालय के प्रवक्ता ने बल दिया है कि ईरान रक्षा और अपने अन्य आतंरिक व राष्ट्रीय सुरक्षा मामले पर किसी से वार्ता नहीं करेगा।
विदेशमंत्रालय के प्रवक्ता बहराम क़ासेमी ने सोमवार को, फ्रांस के विदेशमंत्री की ओर से ईरान के विरुद्ध दिये गये हालिया बयान की आलोचना करते हुए कहा कि फ्रांस के विदेशमंत्री को अपनी हालिया तेहरान यात्रा के दौरान विभिन्न क्षेत्रीय व अंतरराष्ट्रीय मामलों में ईरान की नीतियों और रुख का भली भांति पता चल गया था लेकिन उसके बावजूद इस तरह का बयान समझ से परे और आतार्किक है।
याद रहे फ्रांस के विदेशमंत्री ने ब्रस्लज़ में युरोपीय संघ के विदेशमंत्रियों की बैठक के अवसर पर क्षेत्र में ईरान की संदिग्ध भूमिका की बात की थी।
विदेशमंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि तेहरान में विस्तृत वार्ता के बाद , मुद्दों से ध्यान हटाने की कोशिश के तहत इस तरह के बयानों से कुछ युरोपीय नेताओं से वार्ता के फलदायक होने पर ही शक होने लगता है।
विदेशमंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि ईरान की रक्षा नीति, पारदर्शी, स्पष्ट और राष्ट्रीय हितों पर आधारित प्रतिरोधक नीति है और यह ईरानी जनता का अधिकार है कि वह अपनी रक्षा नीतियों को कुछ इस तरह से आगे बढ़ाएं कि ईरान की सीमाओं और राष्ट्र को दोबारा खतरे और हमले का सामना न करना पड़े। (Q.A.)