दुश्मन की हर धमकी का पूरी शक्ति से जवाब दिया जाएगाः ईरान
ईरान के एक वरिष्ठ सैन्य अधिकारी ने कहा है कि दुश्मनों की ओर से पैदा किए जाने वाले हर ख़तरे का पूरी शक्ति के साथ जवाब दिया जाएगा।
सेना के अंतर्राष्ट्रीय मामलों के सहायक ब्रिगेडियर जनरल क़दीर निज़ामी ने शनिवार को ईरान व ओमान के सैन्य सहयोग की संयुक्त समिति की बैठक में देश के हितों और राष्ट्रीय सुरक्षा की रक्षा के लिए ईरान की रक्षात्मक क्षमता की मज़बूती को सेना का स्वाभाविक अधिकार बताया और कहा कि अगर दुश्मनों ने ईरान के लिए किसी भी तरह का ख़तरा उत्पन्न करने की कोशिश की तो उसका मुंह तोड़ जवाब दिया जाएगा। उन्होंने अमरीका व कुछ क्षेत्रीय देशों के समर्थन से तकफ़ीरी आतंकवादियों के अपराध जारी रहने और सऊदी अरब समेत कुछ क्षेत्रीय देशों की ओर से ज़ायोनी शासन का साथ दिए जाने को क्षेत्र और इस्लामी जगत में फूट और संकट का मुख्य कारण बताया।
ब्रिगेडियर जनरल क़दीर निज़ामी ने अमरीकी अधिकारियों के ईरान विरोधी बयानों की ओर संकेत करते हुए कहा कि आतंकी गुट दाइश को पराजित करने में सीधी भूमिका निभाने और क्षेत्रीय व अंतर्राष्ट्रीय मामलों में स्वाधीन नीतियां अपनाने के कारण ईरान पर अमरीका व कुछ पश्चिमी व अरब देशों की ओर से राजनैतिक, आर्थिक और सामरिक दबाव डाला जा रहा है।
ज्ञात रहे कि ईरान व ओमान के सैन्य सहयोग की संयुक्त समिति की 14वीं बैठक शनिवार से तेहरान में शुरू हुई है। इस बैठक में ओमान के सेनाध्यक्ष हमद बिन राशिद समेत कई वरिष्ठ सैन्य अधिकारी भाग ले रहे हैं। (HN)