सक्रिय प्रतिरोध ही है हर धमकी की काटः ख़ुसरवी
ईरान की राष्ट्रीय सुरक्षा की उच्च परिषद के प्रवक्ता ने कहा है कि सक्रिय प्रतिरोध हर धमकी की काट है।
अमरीकी राष्ट्रपति की हालिया धमकी पर प्रतिक्रिया देते हुए केवान ख़ुसरवी ने कहा कि कूटनीति के साथ कटुता का मिश्रण एसा विरोधाभासी आयाम है जो केवल ट्रम्प की विचारधारा में ही संभव है। उन्होंने कहा कि इससे पहले एक पक्षीय नीति अपनाते हुए अन्तर्राष्ट्रीय समझौते से निकलकर ट्रम्प अपनी इस विचारधारा को पेश कर चुके हैं जिससे उन्होंने विश्व शांति को आहत किया है। केवान ख़ुसरवी ने कहा कि पिछले चार दशकों से अमरीका, ईरान के लिए ख़तरे उत्पन्न करता आ रहा है किंतु सक्रिय प्रतिरोध की रणनीति से उसका मुक़ाबला किया जाता रहा है।
ईरान के राष्ट्रपति हसन रूहानी की ओर से परमाणु समझौते से संबन्धित अपनी प्रतिबद्धताओं को कम करने के बयान पर डोनाल्ड ट्रम्प ने इसे नई धमकी की संज्ञा दी है। ट्रम्प ने ट्वीट करके लिखा है कि यह धमकी ईरान के लिए हानिकारक सिद्ध हो सकती है।
ज्ञात रहे कि राष्ट्रपति डाक्टर हसन रूहानी ने बुधवार को घोषणा की है कि अगर यूरोपीय, जेसीपीओए से संबन्धित अपने वचनों को व्यवहारिक नहीं बनाएंगे तो ईरान, पूर्व घोषणा के अनुसार 60 दिनों की समय सीमा समाप्त होने पर बाद वाली कार्यवाही करेगा। राष्ट्रपति रूहानी ने साथ ही यह भी कहा कि सामने वाले पक्ष अगर अपने वचनों के प्रति कटिबद्ध रहें तो फिर ईरान, समझौते की शर्तों पर तेज़ी से वापस आ सकता है।