एक दशक के बाद अरब नेताओं की दमिश्क़ यात्रा
अरब संघ में सीरिया की सदस्यता की बहाली के मक़सद से इस संघ के सदस्य देशों के कई संसद सभापति और सांसद सीरिया की राजधानी दमिश्क़ पहुंचे हैं।
एक दशक से भी ज़्यादा का समय बीत रहा है, जब सीरिया को 22 सदस्यों वाले इस संघ से बाहर निकाल दिया गया था।
रविवार को कई सीनियर अरब सांसद दमिश्क़ पहुंचे हैं, जहां इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सीरियाई स्पीकर हमूदा सब्बाग़ ने उनका स्वागत किया।
इस अवसर पर पत्रकारों से बात करते हुए सब्बाग़ ने कहाः इराक़ की राजधानी बग़दाद में अरब अंतर-संसदीय संघ के 34वें सम्मेलन का माहौल बहुत सकारात्मक था। इसमें सभी अरब देशों के बीच एकता पर ध्यान केंद्रित किया गया और अरब राजनयिकों ने संघ में सीरिया की वापसी की आवश्यकता को रेखांकित किया।
उन्होंने कहा कि इस यात्रा ने स्पष्ट कर दिया कि वर्तमान चुनौतियों और संकटों से निपटने के लिए सीरिया संयुक्त अरब कार्यवाही के केन्द्र में स्थित है।
सीरिया में 2011 में विदेश प्रायोजित संकट की शुरूआत के बाद, अरब संघ में सीरिया की सदस्यता को रद्द कर दिया गया था।
दमिश्क़ पहुंचने वाले अरब नेताओं में से मिस्र के स्पीकर हनफ़ी अल-जेबाली का कहना था कि हम यहां दमिश्क़ पहुंचे हैं, ताकि अपने भाई राष्ट्र सीरिया के प्रति अपना समर्थन जता सकें और भयानक भूकंप से होने वाली तबाही और उसके पीड़ितों का दर्द बांट सकें। msm