दाइश को तबाह करने के लिए तालेबान का साथ दीजिएः पाकिस्तान
पाकिस्तान के विदेशमंत्री का कहना है कि दाइश को समाप्त करने के लिए तालेबान की मदद की जाए।
शाह महमूद क़ुरैशी ने मंगलवार को इस्लामी सहयोग संगठन की 48वीं बैठक में कहा कि आतंकवादी गुटों विशेषकर दाइश को ख़त्म करने के लिए हमें तालेबान का साथ देना होगा।
इसी के साथ पाकिस्तान के विदेशमंत्री ने कहा कि एक शांतिपूर्ण अफ़ग़ानिस्तान जिसमें व्यापक सरकार मौजूद हो वह हम सबके हित में है। उनका कहना था कि अफ़ग़ानिस्तान में स्थाई शांति स्थापित करवाने में इस्लामी सहयोग संगठन अपनी भूमिका निभा सकता है।
जानकारों का कहना है कि इराक़ और सीरिया में दाइश की पराजय के बावजूद अमरीका अब भी इस आतंकवादी संगठन का समर्थन कर रहा है। उसने अपने निर्धारित लक्ष्यों के अन्तर्गत दाइश के आतंकवादियों को अफ़ग़ानिस्तान भिजवाया है।
15 अगस्त 2021 में तालेबान द्वारा अफ़ग़ानिस्तान का नियंत्रण अपने हाथों में लेने के बाद वहां पर कई एसी आतंकवादी घटनाएं घटीं जिनकी ज़िम्मेदारी आतंकी गुट दाइश ने स्वीकार की है।
हालांकि तालेबान, दाइश को अफ़ग़ानिस्तान के लिए कोई गंभीर ख़तरा नहीं बता रहा है किंतु इस आतंकी संगठन की कार्यवाहियां बताती हैं कि उसके इरादे अच्छे नहीं हैं।