यूक्रेन में दसियों ठिकानों पर रूस ने किये हमले
रूस का कहना है कि उसने यूक्रेन में 38 सैन्य ठिकानों को लक्ष्य बनाया है।
रूसी रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया है कि देश की सेना ने यूक्रेन में कम से कम 38 लक्ष्यों को निशाना बनाया है। ईगोर कोनाश्नकोफ के अनुसार रूसी सेना ने यह काम सोमवार को किया।
उन्होंने इसी प्रकार यह भी बताया कि रूसी सेना के हवाई हमलों में यूक्रेन के 160 सैनिक मारे गए। रूस और यूक्रेन के बीच वार्ता के कुछ चरणों के बावजूद दोनो देशों के बीच युद्ध अब भी जारी है। हालांकि रूस के सैनिक यूक्रेन की राजधानी के निकटवर्ती क्षेत्रों से पीछे हट गए हैं किंतु इसी के साथ उन्होंने पूर्वी क्षेत्रों में अपने हमले तेज़ कर दिये हैं।
यूक्रेन युद्ध अब तीसरे महीने में प्रविष्ट हो चुका है। इस दौरान विश्व के 25 देशों ने यूक्रेन के लिए सैन्य उपकरण भेजे हैं। कुछ जानकारों का मानना है कि इस युद्ध के लंबा खिंचने का एक कारण यह भी हो सकता है। रूसियों का आरंभ से यह कहना है कि वे यूक्रेन पर क़ब्ज़ा नहीं करना चाहते हैं।
इसी बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति ने कहा है कि रूसी सैनिक अभी भी अपनी जान बचा सकते हैं। उन्होंने कहा कि आपके लिए हमारी भूमि पर आकर अपनी जान कुर्बान करने से बेहतर है कि आप रूस में रहकर जीवित रहें।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने रूसी भाषा में दिए अपने वीडियो संबोधन में रूसी सैनिकों से यूक्रेन में युद्ध न लड़ने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि रूस के सैन्य अधिकारी भलीभांति जानते थे कि यूक्रेन युद्ध में हजारों रूसी सैनिक मारे जा सकते हैं।
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए
हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए