यूक्रेन में इस्राईली एजेन्ट हमारे विरुद्ध लड़ रहे हैंः रूस
रूस का कहना है कि यूक्रेन में इस्राईली एजेन्ट हमारे विरुद्ध लड़ रहे हैं।
रूस के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारया ज़ाख़ारोवा के अनुसार इस्राईली एजेन्सी यूक्रेन की सेना के साथ वहां पर हमारे विरुद्ध युद्ध कर रहे हैं।
यूक्रेन युद्ध के आरंभ होने के बाद ज़ायोनी शासन की ओर से रूस विरोधी नीतियां अपनाए जाने के बाद से मास्को और तेलअवीव के संबन्धों में तनाव बढ़ गया है।
इससे पहले रूस के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता ने मंगलवार को यूक्रेन में मौजूद न्योनाज़ियों के समर्थन की बात कही थी। मारया ज़ाख़ारोवा का यह बयान उस घटनाक्रम के बाद सामने आया जिसके अन्तर्गत संचार माध्यमों के अनुसार ज़ायोनी शासन ने यूक्रेन के लिए सैन्य सहायता भेजने पर सहमति की है। इसी के साथ ज़ायोनी अधिकारी यूक्रेन की अधिक से अधिक सहायता के मुद्दे पर विचार-विमर्श कर रहे हैं।
पिछले तीन महीनों से जारी यूक्रेन युद्ध की निकट समाप्ति के कोई आसार नज़र नहीं आ रहे हैं। रूस और यूक्रेन के बीच कई चरण की वार्ताओं के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो पाया और किसी भी प्रकार का संघर्ष विराम भी नहीं हो सका। यूक्रेन के राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की कह चुके हैं कि रूस के हमले से उनके देशों को कई सौ अरब डाॅलर का नुक़सान हो चुका है। उनका कहना है कि यह राशि रूस को हमे देनी चाहिए क्योंकि यह क्षति हमें रूसी हमलों के कारण हुई है।
बहुत से राजनैतिक विशलेषकों का यह कहना है कि अमरीका और पश्चिम द्वारा यूक्रेन की हथियारों से की जाने वाली सहायता के कारण न तो संघर्ष विराम ही हो पा रहा है और न ही युद्ध को रोकने के लिए कोई रास्ता निकल रहा है।
उल्लेखनीय है कि मार्च के आख़िर में यूक्रेन के राष्ट्रपति ज़ेलेस्की ने इस्राईली संसद को संबोधित करते हुए तेलअवीव से रूस के हमले के ख़िलाफ़ यूक्रेन का साथ देने की अपील की थी। दूसरी ओर इस्राईल ने यूक्रेन पर रूस के हमले की कड़ी निंदा करते हुए यूक्रेन की सेना को हेलमेट और बुलेट प्रूफ़ जैकेट उपलब्ध कराने की बात कही थी, जबकि मॉस्को का आरोप है कि अमरीका और यूरोपीय देशों की ही तरह इस्राईल भी यूक्रेन को हथियारों की आपूर्ति कर रहा है।
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए
हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए