रूस और यूक्रेन के बीच शांति वार्ता का समय अभी नहींः अमरीका
(last modified Mon, 04 Jul 2022 11:00:41 GMT )
Jul ०४, २०२२ १६:३० Asia/Kolkata
  • रूस और यूक्रेन के बीच शांति वार्ता का समय अभी नहींः अमरीका

वाइट हाउस के मीडिया प्रभारी का कहना है कि रूस और यूक्रेन के बीच शांतिवार्ता के बारे में चर्चा करना अभी जल्दी है।

रश्या टुडे के अनुसार जाॅन केर्बी ने रविवार को कहा है कि वाशिग्टन का यह मानना है कि इस समय माॅस्को और कीफ के बीच शांति वार्ता के लिए प्रयास करना बहुत जल्दी है क्योंकि दोनों पक्षों में से कोई भी एक पक्ष इसके लिए तैयार नहीं है।  उन्होंने कहा कि हम नहीं चाहते हैं कि यूक्रेन को रूस से पराजित होना पड़े।  यही कारण है कि हम यूक्रेन की सहायता को जारी रखे हुए हैं।

जाॅन केर्बी के अनुसार अमरीका ने यूक्रेन की सहायता के लिए सात अरब डाॅलर विशेष किये हैं।  उन्होंने संभावित आगामी वार्ता के बारे में कहा कि यूक्रेन के राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की कहते हैं कि अभी वार्ता का समय नहीं हुआ है।

इसी के साथ जाॅन केर्बी ने दावा किया कि रूस के राष्ट्रपति विलादिमीर पुतीन की ओर से भी कोई एसा संकेत अभी तक नहीं दिखाई दिया है जिससे पता चलता हो कि वे वार्ता के लिए तैयार हैं। रूस, यूक्रेन पर वार्ता के रुक जाने का आरोप लगाता है। यूक्रेनी पक्ष का कहना है कि वह केवल उसी समय वार्ता की मेज़ पर जाएंगे जब इसके लिए हालात पैदा होंगे।

इसी बीच इस ख़बर की पुष्टि हो गई है कि रूस ने यूक्रेन के एक नगर पर क़ब्ज़ा कर लिया है।  यूक्रेन की सेना की तरफ से यह बात स्वीकार की गई है कि रूसी सैनिकों के साथ हफ्तों तक चली भारी लड़ाई के बाद यूक्रेन के सैनिक पूर्वी शहर लिसीचांस्क से पीछे हट गए हैं। सूत्रों के अनुसार सैनिकों की जान बचाने के लिए यह फैसला लिया गया है।

याद रहे कि लिसीचांस्क, लुहांस्क क्षेत्र का मात्र एक शहर था जो यूक्रेन के कंट्रोल में था। अब यहां से यूक्रेनी सेना के पीछे हटने के बाद रूस का पूरे लुहांस्क पर कब्जा हो गया है।

हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए

हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए

हमारा यूट्यूब चैनल सब्सक्राइब कीजिए!

ट्वीटर पर हमें फ़ालो कीजिए

टैग्स