Apr १२, २०२३ १२:३४ Asia/Kolkata
  • सेना ने ली 100 से अधिक लोगों की जान

म्यांमार की सेना के लड़ाकू विमान ने सागैंग प्रांत के कनबालू टाउनशिप स्थित पजीगी गांव के बाहर जमा भीड़ पर बम गिराए जिसमें 100 से अधिक लोग मारे गये।

मरने वालों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। ये सभी लोग सैन्य शासन के विरोध में आयोजित एक समारोह में हिस्सा ले रहे थे। इस घटना पर संयुक्त राष्ट्र की प्रतिक्रिया भी आई है। संयुक्त राष्ट्र ने इसकी निंदा की और इसे परेशान करने वाली घटना बताया है।

संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार उच्चायुक्त वोल्कर तुर्क ने एक बयान में कहा कि हवाई हमले की यह रिपोर्ट काफी परेशान करने वाली है। उन्होंने कहा कि ऐसा लग रहा है कि पीड़ितों में इस कार्यक्रम में स्कूली बच्चे और अन्य नागरिक शामिल हैं।

म्यांमार की सैन्य सरकार के प्रवक्ता मेजर जनरल जॉ मिन टुन ने सरकारी टेलीविजन पर एक बयान में यह स्वीकर किया कि विद्रोही गुट के ऑफिस के उद्घाटन के दौरान यह हमला किया गया। उन्होंने सरकार विरोधी ताकतों पर आतंक का हिंसक अभियान चलाने का आरोप लगाया।

स्थानीय लोगों ने बताया कि हमले में सैन्य शासन विरोधी ग्रुप नेशनल यूनिटी गवर्नमेंट (एनयूजी) का दफ्तर तबाह हो गया है। हमले के समय महिलाओं और बच्चों समेत 150 से ज्यादा लोग भाग ले रहे थे। मृतकों में सैन्य शासन विरोधी समूहों और अन्य राजनीतिक संगठनों के नेता भी शामिल हैं।

ज्ञात रहे कि म्यांमार में फरवरी 2021 में तख्तापलट के बाद सेना ने देश की सत्ता अपने हाथ में ले ली थी। उसके बाद से देश में सैन्य शासन के खिलाफ प्रदर्शन हो रहे हैं। सेना इन प्रदर्शनों को दबाने के लिए लोगों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। सेना की इन कार्रवाईयों में अब तक तीन हजार से ज्यादा आम नागरिकों के मारे जाने का अनुमान है। MM

हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए

हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए

हमारा यूट्यूब चैनल सब्सक्राइब कीजिए!

ट्वीटर पर हमें फ़ालो कीजिए

टैग्स