अमेरिकी अमीरों का छिपा हुआ आशियाना कहाँ है?
https://parstoday.ir/hi/news/world-i141992-अमेरिकी_अमीरों_का_छिपा_हुआ_आशियाना_कहाँ_है
पार्सटुडे - अमरीकी अखबार वॉल स्ट्रीट जर्नल ने एक रिपोर्ट में अमेरिकी अमीरों के गुप्त शरणस्थली का खुलासा किया है।
(last modified 2025-12-30T09:51:15+00:00 )
Dec २८, २०२५ १७:३९ Asia/Kolkata
  • अमेरिका के कैशियर्स गाँव में एक लक्ज़री घर
    अमेरिका के कैशियर्स गाँव में एक लक्ज़री घर

पार्सटुडे - अमरीकी अखबार वॉल स्ट्रीट जर्नल ने एक रिपोर्ट में अमेरिकी अमीरों के गुप्त शरणस्थली का खुलासा किया है।

वॉल स्ट्रीट जर्नल ने अपनी रिपोर्ट में लिखा: उत्तरी कैरोलिना के ब्लू रिज पर्वतों में बसा छोटा सा गाँव कैशियर्स, जिसकी स्थायी आबादी मात्र 825 लोगों की है, अमेरिका के धनी इलाकों में शामिल हो गया है जहाँ कम से कम चार अरबपति रहते हैं। पार्सटुडे के अनुसार, इस गाँव जहाँ न कोई मेयर है और न ही स्थानीय पुलिस, की आकर्षण का कारण है - पहाड़ी ठंडी जलवायु, प्राकृतिक सुंदरता और गोपनीयता का माहौल। यही कारण है कि दक्षिण-पूर्वी अमेरिका के अमीर यहाँ बिना किसी ध्यान के आकर बस गए हैं।

 

पिछले पाँच वर्षों में कैशियर्स में रियल एस्टेट का बाज़ार लगभग दोगुना हो गया है और हाल के महीनों में घरों की औसत बिक्री कीमत लगभग 5.4 मिलियन डॉलर तक पहुँच गई है। वर्ष 2020 से 2024 तक, औसत कीमत 1.05 मिलियन से बढ़कर 1.98 मिलियन डॉलर हो गई है। इस दौरान माउंटेनटॉप में एक घर 11.11 मिलियन डॉलर में और कोलासाजा क्लब में एक हवेली 12 मिलियन डॉलर में बिकी।

 

कोविड-19 महामारी के बाद और अन्य राज्यों से खरीदारों के आने से यह उछाल और बढ़ गया है।

 

कैशियर्स गाँव में संपत्ति रखना अक्सर क्लब की सदस्यता के लिए एक पूर्व शर्त है, जिसकी लागत एक लाख डॉलर से अधिक और वार्षिक सदस्यता शुल्क भी है। इन क्लबों में गोल्फ, टेनिस, क्रोकेट और डाइनिंग सुविधाओं के अलावा सड़क, पानी और सीवेज सिस्टम जैसे बुनियादी ढाँचे भी मुहैया कराए जाते हैं, जिससे शानदार घर बनाना संभव हो पाता है।

 

इस गाँव के प्रसिद्ध निवासियों में केन लैंगोन (होम डिपो कंपनी के संस्थापक), इंग्राम परिवार के सदस्य, मैकइलहेनी परिवार (टाबास्को सॉस निर्माता), स्कॉट हार्डमैन वार्ड (रसेल स्टोवर कैंडी परिवार से), अमेरिकी ट्रेजरी सचिव स्कॉट बेसेंट और एनर्जी क्षेत्र के दिग्गज विलियम डोरे शामिल हैं। (AK)

 

हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए

हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए

हमारा यूट्यूब चैनल सब्सक्राइब कीजिए!

ट्वीटर पर हमें फ़ालो कीजिए 

फेसबुक पर हमारे पेज को लाइक करें।