रूस ने भारत को दिया बड़ा ऑफर
भारत को सस्ते दामों पर तेल बेच रहे रूस ने भारत को एक और बड़ा ऑफर दिया है।
रूस- यूक्रेन जंग के दौरान कई अमेरिकी और यूरोपीय कंपनियों ने रूस में अपना व्यापार बंद कर दिया है। ऐसे में रूस की मंशा है कि इन कंपनियों द्वारा छोड़े गए कारोबार को भारतीय कंपनियां अपने नियंत्रण में ले लें।
रूस और यूक्रेन में जंग के बीच रूस पर अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंध लगे हुए हैं। ऐसे समय में रूस भारत को सस्ते दामों पर तेल बेच रहा है और अब उसने भारत को एक और बड़ा ऑफर दिया है। यह प्रस्ताव भारतीय कंपनियों के लिए बड़ा मौका हो सकता है।
अंग्रेजी अखबार 'द हिंदू बिजनेसलाइन' की एक रिपोर्ट के मुताबिक, रूस ने अमेरिकी और यूरोपीय कंपनियों द्वारा छोड़े गए कारोबारों को भारतीय कंपनियों को देने में गहरी दिलचस्पी दिखाई है। रूस चाहता है कि भारतीय कॉरपोरेट कंपनियां सेंट पीटर्सबर्ग इंटरनेशल इकोनॉमिक फोरम का फायदा उठाकर यह सौदा करें और खुद को सबसे तेजी से बढ़ती यूरोपीय अर्थव्यवस्था में स्थापित करें। इस फोरम का आयोजन 5 से 8 जून 2024 के बीच होगा।
रूसी अर्थव्यवस्था को कमजोर करने के लिए कई पश्चिमी देश रूस पर आर्थिक प्रतिबंध लगाए हुए हैं। रॉसकांग्रेस फाउंडेशन के उप निदेशक और एसपीआईईएफ के निदेशक एलेक्सी वाल्कोव का कहना है कि ऐसे कई कारोबार हैं, जिन्हें यूरोपीय और अमेरिकी कंपनियों ने अपनी सरकार के दबाव आकर छोड़ दिया है। रोचक बात यह है कि चीनी कंपनियां भी इसे टेकओवर करने के लिए तैयार हैं।
एलेक्सी वाल्कोव ने आगे कहा कि ऑटोमोटिव, परिवहन, कपड़ा और हल्के उद्योग जैसे कई क्षेत्र हैं, जिनमें भारतीय निवेशकों और कंपनियों की रुचि होगी। उन्होंने यह भी कहा कि व्यावसायिक हितों के बरे में बात करना सही नहीं होगा लेकिन पारंपरिक क्षेत्रों में भारत के साथ हमारा व्यापार फिलहाल बढ़ रहा है। MM
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए
हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए