Apr ०८, २०२४ ०९:२५ Asia/Kolkata
  • मैं अपमान करता हूं, इसलिए मैं हूं, अमेरिकी सिनेमा में एशियाई, अफ़्रीक़ी और रेड इंडियंस से नफ़रत का इतिहास

हॉलीवुड में कई ऐसी फ़िल्में बनी हैं, जिनमें नस्लवादी कंसेप्ट भरा पड़ा है।

अमेरिकी सिनेमा के इतिहास में आपको कई ऐसी क्लासिक फ़िल्में मिल जाएंगी, जिनमें नस्लवाद को आसानी से देखा और महसूस किया जा सकता है। कभी-कभी यह कंटेंट इतना बेतुका होता है कि लोगों के दबाव में आकर, फ़िल्म निर्माताओं को अपनी स्थिति में बदलाव करना पड़ता है।

मिसाल के तौर पर "गॉन विद द विंड" की स्क्रीनिंग के व्यापक विरोध के बाद, एचबीओ ने अस्थायी रूप से इस फ़िल्म को पर्दे से हटा दिया। लेकिन उसके बाद, फ़िल्म की शुरुआत में एक चेतावनी को जोड़ दिया गया, जिसमें कहा गया था कि नस्लवादी कंटेंट और उसकी स्क्रीनिंग का मतलब, उससे सहमति या उसकी पुष्टि करना नहीं है।

यहां हम उन क्लासिक अमेरिकी फ़िल्मों की एक सूची दे रहे हैं, जिनमें खुलेआम नस्लवादी कंटेंट को बढ़ावा दिया गया है।

नस्लवादी डिज़्नी फ़िल्में, जो बच्चों को नहीं देखनी चाहिए

1941 में एनिमेटेड फ़िल्म डंबो बनी थी, जिसमें स्मोकिंग करने वाले कौवों का एक ग्रूप है, जिसका लीडर जिम क्रो है। जिम क्रो, जिम क्रो क़ानूनों की तरफ़ इशारा है, जो नस्लीय अलगाव के लिए 1876 और 1965 के बीच अमरीका में लागू किए गए थे। इन कौवों को गोरे अभिनेताओं द्वारा डब किया गया था, पात्रों ने जिम क्रो क़ानूनों को तुच्छ बताया था, जो अमेरिका में समृद्धि और स्वतंत्रता के लिए बहुत हानिकारक थे।

पीटर पैन की मूल अमेरिकियों के ख़िलाफ़ नस्लवादी विषयों के कारण, व्यापक आलोचना हुई थी। इस एनिमेशन में "द थिंग दैट मेड रेड मैन रेड" नामक एक गीत सीधे तौर पर मूल अमेरिकी लोगों, उनके कपड़ों और मान्यताओं को संदर्भित करता है।

1955 में बनने वाले लेडी एंड द ट्रैम्प एनिमेशन में, स्यामीज़ बिल्लियों को पूर्वी एशियाई लोगों के कैरिकेचर के रूप में इस्तेमाल किया गया था। वीडियो में उभरे हुए दांतों और चौड़ी आंखों वाली सियामी बिल्लियों को एक एशियाई गाना गाते हुए दिखाया गया है, जो एशियाई लहजे में "हम सियामी हैं" गा रही हैं।

जंगल बुक फ़िल्म में काले लोगों को आरंगुटान या वनमानुष के रूप में चित्रित करके उनका मज़ाक उड़ाया गया है। इस फ़िल्म में किंग लुईस कई अश्वेत संगीतकारों के बोलने के तरीक़े का मज़ाक उड़ाते हैं।

फ़िल्म "सॉन्ग ऑफ़ द साउथ" गृह युद्ध के अंत में दक्षिणी अमेरिका में ग़ुलामी की गौरवपूर्ण छवि पेश करती है।

नस्लवादी रूढ़िवादिता को चित्रित करने वाली डिज़्नी फ़िल्मों की सूची यहीं समाप्त नहीं होती है। फ़ैंटासिया, एरिस्टोक्रेट्स, द लिटिल मरमेड, अलादीन और अनगिनत अन्य डिज़्नी फ़िल्मों में नस्लवाद और नस्लीय मुद्दों को पेश किया गया है।

एशियाई विरोधी नस्लवादी फिल्में

नस्लवादी फिल्में बनाने वाली डिज़्नी कंपनी अकेली नहीं है। "द किंग एंड आई" फ़िल्म एशियाई लोगों की एक ग़लत और आक्रामक छवि पेश करती है। यह फ़िल्म न केवल थाई संस्कृति को समझने के तरीक़े को नुक़सान पहुंचाती है, बल्कि एशियाई देशों की पिछड़ी और बर्बर छवि भी गढ़ती है।

"मास्क ऑफ़ फ़ू मांचू" में भी इसी तरह के विषयों को छेड़ा गया था। 1932 में भी चीनियों की क्रूर और हिंसक छवि दिखाने के लिए इस फ़िल्म की चीनी सरकार ने आलोचना की थी।

नस्लवादी फ़िल्मों में छोटी लड़कियों का इस्तेमाल

शर्ली टेम्पल ने जिन फ़िल्मों में अभिनय किया है, उनमें नस्लवाद के विषयों को दर्शाया गया है। ज़्यादातर काले अमेरिकियों के ख़िलाफ़, इन फ़िल्मों में कंटेंट मौजूद है। द लिटिल रिबेल और द लिटिल कर्नल जैसी नस्लवादी फ़िल्मों में टेम्पल को आकर्षक पात्रों के रूप में प्रस्तुत किया गया, लेकिन उन्होंने नस्लवादी विषयों और ग़ुलामी की तस्वीर को पेश किया है। दर असल, अपने नस्लवादी दावों को छुपाने के लिए वे शर्ली टेम्पल का इस्तेमाल करते थे। एनी एक और क्लासिकल फ़िल्म थी, जिसमें नस्लवाद को आकर्षक तरीक़े से दिखाने के लिए एक छोटी गोरी लड़की का इस्तेमाल किया गया था।

क्लासिक वेस्टर्न फ़िल्मों ने भी मूल अमेरिकियों की छवि को ख़ूब ख़राब किया। "द सीकर्स" और "डोलिजान" जैसी फ़िल्में में नस्लवाद के अलावा नरसंहार को भी बढ़ावा दिया गया था। दोनों फ़िल्मों में, गोरे काउबॉय कठिन और थका देने वाले रास्तों से गुज़रते हैं और मूल जनजातियों से बदला लेते हैं।

सामान्य तौर पर, इससे कोई फ़र्क़ नहीं पड़ता कि इन फ़िल्मों में किन लोगों को निशाना बनाया गया है। महत्वपूर्ण यह है कि इनमें श्वेत वर्चस्व को एक सामान्य मान्यता के रूप में दर्शाया गया है। नस्लवाद से पीड़ित समूह मूल अमेरिकी, काले या एशियाई लोग कोई भी हो सकते हैं। कहा जा सकता है कि इन फ़िल्मों की एकमात्र सुंदरता यह है कि वे हमें अतीत के बारे में अधिक जानने और स्थिति में सुधार करके आगे बढ़ने का मौक़ा देती हैं। msm

टैग्स