ब्रिटेन की संसद भंग, मध्यावधि चुनाव 8 जून को
ब्रिटेन में आठ जून को होने जा रहे मध्यावधि चुनाव से पहले इस देश की संसद को भंग कर दिया गया।
बुधवार 3 मई को हाउस ऑफ कॉमंस को आधिकारिक रूप से भंग कर दिया गया। ब्रिटेन की प्रधानमंत्री टेरिज़ा-मे ने सदन के भंग होने के बारे में आधिकारिक सूचना दी है।
इसी बीच ब्रिटिश संसद ने अपनी वेबसाइट पर जारी बयान में कहा है कि संसद को तीन मई 2017 को भंग किया गया। हाउस ऑफ कॉमंस का पूरा कार्य संपन्न हो गया है और अब कोई सांसद नहीं है। आठ जून, 2017 को होने वाले चुनाव तक हाउस ऑफ कॉमंस की हर सीट रिक्त है। ब्रिटिश कानून के अन्तर्गत आम चुनाव से कम से कम 25 कामकाजी दिन पहले संसद को भंग करना होता है।
अबतक के चुनावी सर्वेक्षण में टेरिज़ा-मे के नेतृत्व वाली कंजरवेटिव पार्टी को आगे बताया जा रहा है। टेरिज़ा-मे का मानना है कि ब्रेग्जिट की बातचीत को आगे बढ़ाने के लिए उनकी जीत बहुत ज़रूरी है।
ज्ञात रहे कि ब्रिटेन की जनता ने 23 जून 2016 को एक जनमत संग्रह में भाग लेकर यूरोपीय संघ से निकलने के हित में मतदान किया था।