नेदरलैंड में फिर एक मस्जिद पर हमला हुआ
नेदरलैंड में इस्लाम के ख़िलाफ़ जारी गतिविधियों के क्रम में उत्तरी शहर ड्रैख़्टन में एक अज्ञात व्यक्ति ने एक मस्जिद में आग लगा दी।
संवाददाता के अनुसार, ड्रैख़्टन शहर के इस्लामी संगठन के सचिव ख़ालिद बिन नासिर ने कहा कि रविवार को एक अज्ञात व्यक्ति ने इस मस्जिद के शीशे को तोड़ कर उसमें आग लगा दी।
उन्होंने इस हमले की भर्त्सना करते हुए बताया कि मस्जिद में आग लगने से भारी नुक़सान हुआ है।
ख़ालिद बिन नासिर ने बताया कि ड्रैख़्टन की पुलिस ने कहा है कि वह इस हमले की जांच कर रही है।
ग़ौरतलब है कि 19 जनवरी को नेदरलैंड की राजधानी एम्टर्डम में, दक्षिण पंथी-चरमपंथी आंदोलन में शामिल एक गुट ने इस शहर की अमीर सुल्तान मस्जिद पर हमला करके वहां ऐसे प्लेकार्ड लटका दिए जिन पर इस्लाम विरोधी बातें लिखी थीं।
नेदरलैंड में इस समय 9 लाख मुसलमान रहते हैं और इस देश की जनसंख्या 1 करोड़ 70 लाख है।
हालिया महीनों में ख़ास तौर पर योरोपीय देशों में आतंकवादी हमलों के बाद पश्चिमी देशों में इस्लाम विरोधी प्रचार बढ़ गए हैं।
पश्चिमी अधिकारियों और टीकाकारों का मानना है कि योरोप की हालिया अशांति, सीरिया और इराक़ में आतंकवादी गुटों को पश्चिम की ओर से बेलगाम समर्थन का नतीजा है।
इन दिनों आतंकवादी गुट दाइश के योरोपीय सदस्य स्वदेश लौट रहे हैं, जिससे योरोपीय देशों के अधिकारियों की नींद उड़ गयी है। (MAQ/N)