फ़्लोरिडा के एक स्कूल में गोलीबारी, 17 बच्चों की मौत
अमरीका के फ़्लोरिडा राज्य में एक पूर्व छात्र ने गोलीबारी कर दी जिसमें 17 लोगों की मौत हो गई जबकि 14 अन्य घायल हो गए।
फ़्लोरिडा की पुलिस ने गुरुवार की सुबह बताया कि पार्कलैंड शहर के स्टोनमैन डगलस स्कूल में हुई फ़ायरिंग में कम से कम 17 स्कूली बच्चों की मौत हो गई जबकि एक दर्जन से अधिक के घायल होने की ख़बर है। हमलावर स्कूल का ही पूर्व छात्र बताया जा रहा है, जिसे स्कूल ने निकाल दिया था। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार आरोपी निकोलस क्रूज़ ने स्कूल में फ़ायर अलार्म बजाया जिसके बाद अफ़रा-तफ़री मच गई और बच्चे क्लाॅसों से निकल कर भागने लगे। उस समय निकोलस ने अंधाधुंध फ़ायरिंग शुरू कर दी।
कई बच्चों की स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है। पुलिस ने हमलावर को गिरफ़्तार कर लिया है। अमरीका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प ने इस घटना के बाद अपने ट्वीटर हैंडल पर लिखा है कि अमरीका के स्कूलों में किसी को भी असुरक्षा का आभास नहीं होना चाहिए। उल्लेखनीय है कि ट्रम्प स्वयं अमरीका में हथियार लेकर चलने के बड़े समर्थक हैं। अमरीका में हर साल गन कल्चर के चलते हज़ारों लोग फ़ायरिंग में मारे जाते हैं। (HN)