रूस से अधिक ख़तरनाक है चीनः पोम्पियो
अमरीकी विदेशमंत्री ने अपने देश के लिए चीन को बहुत ख़तरनाक बताया है।
अमेरिका के विदेश मंत्री माइक पोम्पिओ ने कहा कि चीन हमारे लिए रूस से अधिक ख़तरनाक है। उन्होंने चीन की सरकार को सबकुछ अपने नियंत्रण में रखने वाली और गैर पारदर्शी बताते हुए कहा कि चीन, अमरीका के लिए रूस से अधिक ख़तरनाक है। अमरीकी विदेशमंत्री ने कहा कि चीन हमारे लिए कई प्रकार की चुनौतियां पेश कर रहा है।
पोम्पिओ ने फॉक्स न्यूज को दिए एक साक्षात्कार में कहा व्लादिमीर पुतिन के नेतृत्व में रूस अब भी धौंस जमाता रहता है जिसे रोकने की ज़रुरत है। उन्होंने कहा कि लेकिन लंबे समय में अगर आप उन चीजों पर ध्यान दें जो अमेरिकियों की आजीविका के लिए खतरा है, जो अमेरिका की आर्थिक वृद्धि को खतरे में डालती है तो रूस की तुलना में चीन, अमेरिका के लिए ज्यादा बड़ा ख़तरा है। इससे पहले अमरीकी राष्ट्रपति ट्रम्प कह चुके हैं कि चीन, अमरीका का दोहन करके महाशक्ति बन गया है। उन्होंने कहा कि चीन ने अमरीका से बहुत अधिक धन लेकर अपना पुनर्निमाण कर लिया। ट्रम्प ने बुघवार को कहा था कि चीन प्रतिवर्ष अमरीका से 500 अरब डालर ले जा रहा है। ट्रम्प ने कहा कि पिछले कई वर्षों से चीन हमारे यहां से हर साल 500 अरब डालर ले जा रहा है। उन्होंने कहा कि चीन ने अमरीका से ले जा रहे घन से अपने देश को खड़ा कर लिया है।