शटडाउन को लेकर डोनल्ड ट्रम्प ले सकते हैं बड़ा फ़ैसला
https://parstoday.ir/hi/news/world-i71934-शटडाउन_को_लेकर_डोनल्ड_ट्रम्प_ले_सकते_हैं_बड़ा_फ़ैसला
अमेरिका में लगभग एक महीने से चल रहे शटडाउन और डेमोक्रेटिक नेता व निचले सदन की स्पीकर नैंसी पेलोसी के साथ बढ़ी तनातनी के बीच डोनल्ड ट्रम्प रविवार को कोई बड़ी घोषणा कर सकते हैं।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Jan २०, २०१९ ११:३८ Asia/Kolkata
  • शटडाउन को लेकर डोनल्ड ट्रम्प ले सकते हैं बड़ा फ़ैसला

अमेरिका में लगभग एक महीने से चल रहे शटडाउन और डेमोक्रेटिक नेता व निचले सदन की स्पीकर नैंसी पेलोसी के साथ बढ़ी तनातनी के बीच डोनल्ड ट्रम्प रविवार को कोई बड़ी घोषणा कर सकते हैं।

प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार अमेरिका के विपक्षी नेताओं का कहना है कि जब तक डोनल्ड ट्रम्प अपनी ज़िद नहीं छोड़ते हैं तब तक  वे शटडाउन समाप्त करने का कोई वैकल्पिक प्रस्ताव नहीं देंगे। इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने एक ट्वीट किया है कि 'मैं रविवार को व्हाइट हाउस से दक्षिणी सीमा पर चल रहे मानवीय संकट और शटडाउन को लेकर घोषणा करूंगा।' इस संबंध में अन्य कोई जानकारी नहीं दी गई है।

इससे पहले ट्रम्प मेकिस्को की सीमा पार कर अमेरिका में घुसने वाले अवैध शरणार्थियों को राष्ट्रीय संकट बता चुके हैं। सीमा पर दीवार बनाने के लिए उन्होंने संसद से 5.7 अरब डॉलर के बजट की मांग की थी। इस पर विपक्षी डेमोक्रेटिक पार्टी की असहमति से देश में शटडाउन चल रहा है, जिससे क़रीब आठ लाख संघीय कर्मचारी प्रभावित हैं। डेमोक्रेटिक पार्टी दीवार को जनता के धन की बर्बादी मानती है।

विपक्षी नेताओं का कहना है कि जब तक ट्रम्प अपनी ज़िद नहीं छोड़ते, वे शटडाउन ख़त्म करने का कोई वैकल्पिक प्रस्ताव नहीं देंगे। बीते बुधवार को पोलोसी ने शटडाउन के चलते उपजी सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए ट्रम्प से इस महीने होने वाला वार्षिक स्टेट ऑफ द यूनियन संबोधन स्थगित करने या उसकी तारीख़ आगे बढ़ाने का आग्रह किया था। इस सलाह पर पलटवार करते हुए ट्रम्प ने गुरुवार को पोलोसी को सैन्य विमान से ब्रसेल्स और अफ़ग़ानिस्तान के दौरे पर जाने से रोक दिया था। इसके बाद से ट्रम्प और पोलोसी आमने सामने आ गए हैं।

ज्ञात रहे कि अमेरिकी राष्ट्रपति हर वर्ष संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित करते हैं। इसे स्टेट ऑफ द यूनियन संबोधन कहते हैं। (RZ)