ट्रम्प के फैसले का अमरीकी सीनेट ने किया विरोध
अमेरिकी सीनेट ने सीरिया और अफगानिस्तान से सैनिकों को वापस बुलाने के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के फैसले के खिलाफ भारी बहुमत से एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किया है।
अमेरिकी सीनेट में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के लिए यह बड़ा झटका बताया जा रहा है। ट्रंप के फैसले के खिलाफ इस प्रस्ताव को बहुमत के साथ पारित किया गया।
संचार माध्यमों के अनुसार अमरीकी सीनेट के इस प्रस्ताव के पक्ष में ट्रंप की अपनी रिपब्लिकन पार्टी के सांसदों ने भी मतदान किया जो इस राजनीतिक दल के भीतर के मतभेदों को स्पष्ट करता है। यह प्रस्ताव भारी बहुमत से पारित हुआ। प्रस्ताव के पक्ष में 70 मत पड़े जबकि विरोध में केवल 26 मत पड़े। अमरीकी सदन के 53 रिपब्लिकन सीनेटरों में से केवल तीन ने ही इसका विरोध किया।
अमरीकी सीनेट में रिपब्लिकन नेता मिच मैककॉनेल ने प्रस्ताव को सदन के पटल पर रखा। उन्होंने पिछले हफ्ते कहा था कि इस प्रस्ताव में उस स्पष्ट तथ्य को स्वीकार किया जाएगा कि सीरिया और अफगानिस्तान में अल-कायदा, दाइश और उनसे सम्बद्ध संगठन हमारे राष्ट्र के लिए गंभीर खतरा बने हुए हैं। प्रस्ताव के अनुसार सीरिया तथा अफ़ग़ानिस्तान दोनों देशों में से किसी भी देश से सेना को वापस बुलाने पर हम बड़ी मुश्किल से हाथ आई सफलता को सरलता से गवां सकते हैं और अमेरिका के राष्ट्रीय सुरक्षा को भी खतरे में डाल सकते हैं।
उल्लेखनीय है कि दिसंबर 2018 में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्वीट करके अमेरिका के 2,000 सैनिकों को सीरिया से वापस बुलाने की योजना बताई थी, जिसमें तर्क दिया गया था कि दाइश पर जीत पा ली गई है। हालांकि, पिछले हफ्ते अमेरिकी खुफिया प्रमुखों ने सूचना दी थी कि आतंकवादी समूह अभी भी एक गंभीर खतरा बने हुए हैं और अपने पाँव पसारने की फिराक में हैं। गौरतलब है कि डेमोक्रेट्स सीनेटरों के साथ ही कई प्रमुख रिपब्लिकन सीनेटर भी ट्रंप के इस कदम की आलोचना करते रहे हैं।