दाइश पर नियंत्रण की घोषणा अगले हफ़्ते की जाएगीः ट्रम्प
https://parstoday.ir/hi/news/world-i72528-दाइश_पर_नियंत्रण_की_घोषणा_अगले_हफ़्ते_की_जाएगीः_ट्रम्प
अमरीका के राष्ट्रपति ने कहा है कि जल्द ही सीरिया व इराक़ में दाइश पर पूरी तरह नियंत्रण की घोषणा कर दी जाएगी।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Feb ०७, २०१९ ०६:४२ Asia/Kolkata
  • दाइश पर नियंत्रण की घोषणा अगले हफ़्ते की जाएगीः ट्रम्प

अमरीका के राष्ट्रपति ने कहा है कि जल्द ही सीरिया व इराक़ में दाइश पर पूरी तरह नियंत्रण की घोषणा कर दी जाएगी।

डोनल्ड ट्रम्प ने बुधवार को वाॅशिंग्टन में तथाकथित दाइश विरोधी अंतर्राष्ट्रीय गठबंधन की एक दिवसीय बैठक मेें कहा कि इस बात की संभावना है कि अगले हफ़्ते तक घोषणा कर दी जाए कि अमरीकी गठबंधन, सीरिया व इराक़ में आतंकी गुट दाइश को सौ प्रतिशत नियंत्रित करने में सफल रहा है। उन्होंने कहा कि अब दाइश यह दावा नहीं कर सकता कि सीरिया या इराक़ में उसकी कोई स्वयंभू ख़िलाफ़त या सरकार है।

 

अमरीकी राष्ट्रपति ने इस बात पर बल देते हुए कि दाइश के बचे खुचे तत्व ख़तरनाक हो सकते हैं, दावा किया कि अमरीका, दाइश के हर कण को तबाह करने के लिए कटिबद्ध है और लोगों को आतंकवाद से सुरक्षित रखेगा। ट्रम्प ने इस बात का उल्लेख करते हुए कि आतंकवाद से संघर्ष एक साझा संघर्ष है, दावा किया कि अमरीकी गठबंधन, दूसरों की मदद से आतंकवाद से संघर्ष कर रहा है और सभी को अपनी भूमिका निभानी चाहिए और मदद करनी चाहिए।

 

इराक़ ने दिसम्बर 2017 में ही इस बात की घोषणा कर दी थी कि इस देश में आतंकी गुट दाइश के क़ब्ज़े वाले सभी क्षेत्रों को मुक्त करा लिया गया है लेकिन विभिन्न स्थानों पर इस गुट की छिट-पुट गतिविधियां अब भी जारी हैं। इराक़ के स्वयं सेवी बल ने इस देश की सेना के साथ मिल कर दाइश की पराजय में अहम भूमिका निभाई है। सीरिया की सरकार ने भी रूस की मदद और ईरान के सैन्य परामर्श की सहायता से इस देश में दाइश के क़ब्ज़े वाले लगभग सभी क्षेत्रों को छुड़ा लिया है और अब केवल एक छोटे से इलाक़े में यह गुट अपनी गतिविधियां जारी रखे हुए। अमरीकी राष्ट्रपति ने इराक़ व सीरिया में अमरीकी गठजोड़ द्वारा दाइश को नियंत्रित किए जाने का दावा एेसी स्थिति में किया है जब ठोस रिपोर्टों के अनुसार अधिकतर अवसरों पर अमरीकी गठजोड़ के हेली काॅप्टरों ने इराक़ व सीरिया में दाइश की मदद की है और इस गुट के सरग़नाओं को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाया है। (HN)