उत्तर कोरिया ने फिर किया परीक्षण, ट्रम्प नाराज़
उत्तरी कोरिया की सरकारी मीडिया की रिपोर्ट में रविवार को बताया गया है कि उत्तर कोरिया ने सोहाए उपग्रह परीक्षण स्थल से एक बेहद महत्वपूर्ण परीक्षण किया है।
उत्तर कोरिया की राष्ट्रीय विज्ञान अकादमी के एक प्रवक्ता ने कहा कि सात दिसंबर 2019 को सोहाए परीक्षण स्थल से एक बेहद महत्वपूर्ण परीक्षण किया गया। समाचार एजेंसी ‘केसीएनए’ ने प्रवक्ता के हवाले से बताया कि उत्तर कोरिया की रणनीतिक स्थिति बदलने में ताजा परीक्षण के परिणाम की अहम भूमिका होगी। इसपर प्रतिक्रिया देते हुए अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि उत्तर कोरिया का शत्रुतापूर्ण ढंग से पेश आना चौंकाने वाला है। यह परीक्षण ऐसे समय में किया गया है कि जब अमेरिका और उत्तर कोरिया के बीच परमाणु निरस्त्रीकरण को लेकर बातचीत बंद पड़ी है।
ज्ञात रहे कि उत्तर कोरिया के राजदूत किम सोंग ने शनिवार को कहा था कि हमें अब अमेरिका के साथ लंबी बातचीत करने की जरूरत नहीं है क्योंकि परमाणु निरस्त्रीकरण पर बातचीत पहले ही ठप पड़ गई है। इसके कुछ घंटों बाद पत्रकारों के एक सवाल पर ट्रंप ने कहा कि हम उत्तर कोरिया पर विचार करेंगे। उत्तर कोरिया का शत्रुतापूर्ण ढंग से पेश आना मेरे लिए चौंकाने वाला होगा। बता दें कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग-उन परमाणु निरस्त्रीकरण को लेकर कई बार बेनतीजा बातचीत कर चुके हैं लेकिन अब यह बातचीत बंद है।
उल्लेखनीय है कि उत्तरी कोरिया ने दस दिन पहले भी इस देश के पूर्वी तट से मिसाइल का परीक्षण किया था। वर्तमान वर्ष में उत्तरी कोरिया का यह 13वां मिसाइल परीक्षण है।