अमरीका में नस्लभेद के ख़िलाफ़ प्रदर्शनों में तेज़ी, कोलम्बस का पुतला भी गिराया गया
(last modified Wed, 10 Jun 2020 16:32:51 GMT )
Jun १०, २०२० २२:०२ Asia/Kolkata
  • अमरीका में नस्लभेद के ख़िलाफ़ प्रदर्शनों में तेज़ी, कोलम्बस का पुतला भी गिराया गया

अमरीका महाद्वीप की खोज करने वाले क्रिस्टोफ़र कोलम्बस के पुतले को गिरा कर वर्जीनिया राज्य के रिचमंड शहर के एक पार्क में पानी में गिरा दिया गया।

न्यूयाॅर्क पोस्ट के अनुसार बुधवार को लगभग एक हज़ार प्रदर्शनकारी रिचमंड शहर के बायर्ड पार्क में एकत्रित हुए और उन्होंने रस्सियों की मदद से इस पार्क में लगाए गए अमरीका महाद्वीप की खोज करने वाले इतालवी नाविक कोलम्बस के पुतले को नीचे गिरा दिया। इस अवसर पर एक प्रदर्शनकारी ने कहा कि हमें वहीं से शुरुआत करनी होगी, जहां से हर चीज़ शुरू हुई है और उन लोगों से शुरू करना होगा जिन्होंने पहली बार यहां क़दम रखा था। एक प्रदर्शनकारी ने अपने प्लेकार्ड पर लिख रखा था। कोलम्बस, जातीय सफ़ाए का प्रतिनिधि है।

 

प्रदर्शनकारियों ने पुतले को घेर लिया और फिर उसे ज़मीन पर गिराने के बाद उसी पार्क के तालाब में डुबा दिया। याद रहे कि अमरीका में एक अश्वेत नागरिक जाॅर्ज फ़्लाॅइड की निर्मम हत्या के बाद नस्लभेद के ख़िलाफ़ देश व्यापी प्रदर्शन हो रहे हैं। एक श्वेत पुलिस अधिकारी फ़्लाॅइड के गले पर घुटना रख कर तब तक दबाता रहा जब तक वह मर नहीं गया। (HN)

टैग्स