पाकिस्तान के 10 क्रिकेटर कोरोना पॉज़िटिव, पीसीबी ने गहरी चिंता जताई
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने अपने अन्य सात खिलाड़ियों के कोरोना से संक्रमित होने की पुष्टि कर दी है।
मंगलवार को कोरोना पॉज़िटिव पाए गए खिलाड़ियों में फ़ख़र ज़मां, इमरान ख़ान, काशिफ़ भट्टी, मुहम्मद हफ़ीज़, मुहम्मद हसनैन, मुहम्मद रिज़वान और वहाब रियाज़ के नाम शामिल हैं। इससे पहले सोमवार को पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने शादाब ख़ान, हारिस रऊफ़ और हैदर अली के कोरोना संक्रमित होने की जानकारी दी थी। पीसीबी के सीईओ वसीम ख़ान ने मीडिया कान्फ़्रेंस में कहा कि यह अच्छी स्थिति नहीं है और ये 10 फ़िट और युवा खिलाड़ी हैं। अगर ये खिलाड़ी कोरोना से संक्रमित हो सकते हैं, तो कोई भी हो सकता है। उन्होंने कहा कि सहयोगी स्टाफ़ का एक सदस्य भी कोरोना पॉज़िटिव पाया गया है।
वसीम ख़ान ने बताया कि खिलाड़ी और अधिकारी अब लाहौर में एकत्रित होंगे और परीक्षण का एक और दौर 25 जून को होगा। उन्होंने बताया कि 26 जून को संशोधित टीम की घोषणा की जाएगी। उन्होंने बताया कि अगले महीने होने वाली सीरीज़ के लिए टीम के 28 जून को रवाना होने का कार्यक्रम है। वसीम ख़ान ने कहा कि यह चिंता की बात है लेकिन हमें इस समय डरना नहीं चाहिए क्योंकि अभी हमारे पास समय है। जिन खिलाड़ियों का टेस्ट निगेटिव रहा है, वो सब 28 जून को इंग्लैंड के लिए रवाना हो जाएंगे। पीसीबी के सीईओ वसीम ख़ान ने कहा कि बोर्ड का मेडिकल पैनल कोरोना संक्रमित सभी खिलाड़ियों के संपर्क में है और उन सभी को सेल्फ़ आइसोलेशन में जाने के आदेश दिए गए हैं।
उल्लेखनीय है कि पाकिस्तान क्रिकेट टीम का अगस्त में इंग्लैंड के साथ तीन टेस्ट और तीन टी-20 मैच खेलने का कार्यक्रम है। की सिरीज़ अगस्त में प्रस्तावित है। पाकिस्तान में कोरोना संक्रमण के मामले लगातार बढ़ रहे हैं और अब तक इस देश में एक लाख 85 हज़ार से ज़्यादा लोग संक्रमित हो चुके हैं जबकि तीन हज़ार नौ सौ से ज़्यादा लोगों की मौत हुई है। (HN)