कोरोना की दूसरी लहर, कई यूरोपीय देशों में लाॅकडाउन और कर्फ़्यू
https://parstoday.ir/hi/news/world-i92023-कोरोना_की_दूसरी_लहर_कई_यूरोपीय_देशों_में_लाॅकडाउन_और_कर्फ़्यू
ब्रिटेन और आस्ट्रिया सहित कई यूरोपीय देशों ने कोरोना वायरस के केसेज़ के बढ़ने के बाद लॉकडाउन का एलान कर दिया है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Nov ०१, २०२० ०६:५६ Asia/Kolkata
  • कोरोना की दूसरी लहर, कई यूरोपीय देशों में लाॅकडाउन और कर्फ़्यू

ब्रिटेन और आस्ट्रिया सहित कई यूरोपीय देशों ने कोरोना वायरस के केसेज़ के बढ़ने के बाद लॉकडाउन का एलान कर दिया है।

प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने शनिवार को इंग्लैंड में 2 दिसम्बर तक के लिए लॉकडाउन की घोषणा की है। उन्होंने यह फ़ैसला विशेषज्ञों की आशंका के बाद लिया है जिसमें विशेषज्ञों का कहना है कि अगर सख़्त कार्यवाही नहीं की जाती है तो दिसम्बर तक कोरोना वायरस के कारण होने वाली मौत की संख्या में तेज़ी आएगी। इंग्लैंड में कोरोना के मामले दस लाख के पार कर गए हैं।

प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने संक्रमण के स्तरों के आधार पर ब्रिटेन के लिए स्थानीय प्रतिबंधों की एक प्रणाली शुरू की थी, लेकिन वैज्ञानिकों का कहना था कि यह पर्याप्त नहीं है।

टाइम्स ऑफ लंदन के मुताबिक, जॉनसन सोमवार को एक महीने के लॉकडाउन की घोषणा की है। नए लॉकडाउन में गैर-जरूरी व्यवसायों को बंद रखने के लिए कहा गया है। लोगों को घर पर रहने के लिए कहा गया है हालांकि स्कूल और यूनिवर्सिटी खुले रहेंगे।

ब्रिटेन में एक दिन में 20,000 से अधिक नए कोरोना वायरस मामले आ रहे हैं।

प्रधानमंत्री जॉनसन ने कहा कि कोई भी इस तरह के उपायों को कहीं भी लागू नहीं करना चाहता है।

दूसरे लॉकडाउन की घोषणा इंग्लैंड के लिए की गई है, जो यूनाइटेड किंगडम का सबसे बड़ा और सबसे अधिक आबादी वाला क्षेत्र है, जिसमें स्थानीय लॉकडाउन और वेल्स, स्कॉटलैंड और उत्तरी आयरलैंड में पहले से ही सख्त प्रतिबंध हैं। स्कॉटलैंड और इंग्लैंड के बीच यात्रा से बचने की भी सलाह दी गई है।

उधर फ़्रांस, बेल्जियम और जर्मनी पहले ही कोरोना की संभावित दूसरी लहर को देखते हुए सख़्त प्रतिबंध लगा चुके हैं।

दूसरी ओर ऑस्ट्रिया ने कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों को काबू करने के मद्देनजर शनिवार को चार सप्ताह के लिए आंशिक लॉकडाउन लागू करने की घोषणा की जो मंगलवार से प्रभावी होगा। आंशिक लॉकडाउन के दौरान रेस्त्रां और बार चार सप्ताह के लिए बंद रहेंगे और सांस्कृतिक, खेल एवं अन्य गतिविधियां भी रद्द रहेंगी। साथ ही निवासियों को रात आठ बजे के बाद घरों में ही रहने को कहा गया है।

चांसलर सेबेस्टियन कुर्ज ने कहा कि प्रतिबंध मंगलवार से लागू होंगे और नवम्बर के अंत तक प्रभावी रहेंगे। लॉकडाउन के कारण प्रभावित होने वाली कंपनियों को उनके राजस्व का 80 प्रतिशत भुगतान किया जाएगा लेकिन उन्हें अपने कर्मचारियों को बरक़रार रखना होगा।

नए प्रतिबंधों में कर्फ्यू भी शामिल है जिसके तहत ऑस्ट्रिया के लोगों को रात के आठ बजे से सुबह छह बजे तक घरों में ही रहना होगा। कुर्ज ने कहा कि कर्फ़्यू का मकसद यात्रा पर रोक लगाना और निजी पार्टियों को रोकना है जो वायरस के प्रसार का कारण बनती हैं। (AK)

ताज़ातरीन ख़बरों, समीक्षाओं और आर्टिकल्ज़ के लिए हमारा फ़ेसबुक पेज लाइक कीजिए!

हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए

हमारा यूट्यूब चैनल सब्सक्राइब कीजिए!

इंस्टाग्राम पर हमें फ़ालो कीजिए