Sep २१, २०१५ १३:२८ Asia/Kolkata

दूरदर्शिता सकारात्मक एवं महत्वपूर्ण विशेषताओं में से है कि जो इंसान के जीवन को एक लक्ष्य प्रदान करती है और भविष्य की तस्वीर पेश करती है।

दूरदर्शिता सकारात्मक एवं महत्वपूर्ण विशेषताओं में से है कि जो इंसान के जीवन को एक लक्ष्य प्रदान करती है और भविष्य की तस्वीर पेश करती है। इससे इंसान अपने लक्ष्य तक पहुंचने के लिए आवश्यक योजना बना सकता है। मनोवैज्ञानिक दूरदर्शिता को एक अच्छी एवं सकारात्मक विशेषता क़रार देते हैं। प्रोफ़ेसर मार्टिन सेलिग्मैन और डा. क्रिस्टोफ़र पीटरसन ऐसे मनोवैज्ञिनक हैं जिन्होंने दूरदर्शिता के बारे में काफ़ी अध्ययन किया है। वे अपनी एक किताब में लिखते हैं कि दूरदर्शी लोग बहुत ही सटीक रूप से अपने फ़ैसलों और कार्यों के परिणामों पर नज़र रखते हैं, काम-वासना और जल्दबाज़ी में एवं बिना सोचे समझे उठाये जाने वाले क़दमों के मुक़ाबले में सफ़ल प्रतिरोध करते हैं। संतुलित जीवन व्यतीत करते हैं ताकि अपनी इच्छाओं, मनोकामनाओं और परिणाम स्वरूप जो प्राप्त होने वाला है, उनके बीच संतुलन स्थापित कर सकें।

 

 

युवक दूरदर्शिता के साथ दूसरों के जीवन का अध्ययन कर सकता है और उनकी सफलताओं एवं विफलताओं और अनुभवों से सीख ले सकता है और चिंतन मनन करके बड़ी से बड़ी सफलता अर्जित कर सकता है। निःसंदेह, युवा में बुद्धि की शक्ति और संकल्प की दृढ़ता जितनी अधिक होगी, उतनी ही अधिक उसमें दूरदर्शिता होगी और वह भविष्य के लिए सही योजना बना सकेगा। वास्तव में भविष्य पर नज़र रखने से युवक को प्रेरणा मिलती है और महान लक्ष्यों तक पहुंचने के लिए उसका संकल्प दृढ़ होता है और कठिनाईयों को वह आसानी से सहन कर लेता है।

देवू कंपनी के मालिक का कहना है, जब 1976 में मैंने कोरिया की कार निर्माण कंपनी को ख़रीदा तो मैं पहली बार तकनीक के विकास के महत्व से अवगत हुआ। तकनीक का विकास क्योंकि कंपनी की सफलता का निर्धारण करता है, इसलिए मैंने कंपनी के कुछ कर्मचारियों को ट्रेनिंग के लिए जर्मन कंपनी मैन में भेजने का निर्णय किया। देवू और इस कंपनी के बीच पहले से ही समझौता था। इस उद्देश्य के लिए मैंने 12 प्रबंधकों और उनके सहायकों का चयन किया। यह सब लोग इंजीनियरिंग का कोर्स किए हुए थे। कई लोगों ने इस फ़ैसले का विरोध किया, विशेष रूप से उन लोगों ने जो उत्पादन विभाग के अधिकारी थे। उनका मानना था कि 12 महत्वपूर्ण अधिकारियों के चले जाने के बाद, उत्पादन क्षेत्र को गंभीर नुक़सान पहुंच सकता है। हालांकि यह लोग सच्चे दिल से कंपनी के लिए चिंतित थे। लेकिन मैं सोच रहा था कि अल्पकालिक हितों को प्राथमिकता देने के स्थान पर कंपनी के दीर्घकालिक हितों पर ध्यान रखा जाए। मैं समझता था कि तकनीकी विकास के बिना प्रगति करना संभव नहीं होगा। इसलिए मैंने विरोध करने वालों को आश्वस्त किया कि अल्पकालिक नुक़सान वास्तव में हमारे दीर्घकालिक हितों के लिए निवेश है।

 

 

 

जब 12 अनुभवी इंजीनियर एक वर्ष के बाद जर्मनी से वापस लौटे तो उत्पादन विभाग के अधिकारियों की समझ में आया कि मेरा फ़ैसला सही था। जो तकनीक हमारे इंजीनियरों ने एक साल में प्राप्त की थी, उसका परिणाम अगले पांच वर्षों में सामने आया। कंपनी के मालिक का कहना था कि इंसान को दूरदर्शी होना चाहिए। जो लोग हमेशा अतीत से चिपके रहते हैं, अतीत उन्हें अँधा बना देता है और वे भविष्य की ओर नहीं देख सकते। अतीत पर ध्यान देना और वर्तमान की सुविधाओं पर ख़ुश होना आपको भविष्य की ओर देखने से वंचित कर सकता है।

 

भविष्य में घटने वाली घटनाओं पर ध्यान देने के कारण इंसान पेश आने वाली परिस्थितियों एवं परेशानियों के लिए ख़ुद को तैयार कर लेता है। इसके विपरीत, जो व्यक्ति भविष्य को महत्व नहीं देता है, या बिना उस पर ध्यान दिए क़दम उठाता है, शुरूआत में ही कठियाईयां देखकर परेशान हो जाता है। हज़रत अली (अ) फ़रमाते हैं, जो इंसान जीवन भर मध्यमार्गी रहता है और भविष्य पर नज़र रखते हुए वर्तमान सुविधाओं से उचित रूप से लाभ उठाता है, तो उसने कठिन दिनों के लिए ख़ुद को तैयार कर लिया है।

भविष्य पर ध्यान देने का एक महत्वपूर्ण लाभ, संवेदनशील अवसरों पर सही फ़ैसला लेना है। युवा को अपने जीवन में जीवन के विभिन्न चरणों के लिए फ़ैसले लेने होते हैं। अगर वह भविष्य को महत्व दे रहा है, तो क्योंकि वह आज के उस पार देख रहा है, गहन चिंतन से किसी चीज़ के विभिन्न आयामों के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकता है और अपने आचरण पर अधिक ध्यान दे सकता है। इमाम जाफ़र सादिक़ (अ) फ़रमाते हैं, दूरदर्शिता और कामों के अंजाम पर ध्यान देने से बुद्धि को सहायता मिलती है, जो मामलों को सही रूप से समझने में सहायक होती है।

 

 

एक दूरदर्शी युवक भविष्य के लिए अपने जीवन के महत्वपूर्ण चरण जवानी से कुछ प्राप्त करने का अथक प्रयास करता है। दूरदर्शी युवा हमेशा जीवन के पथ पर पूर्व नियोजित कार्यक्रम के अनुसार आगे बढ़ते हैं। इस प्रकार के लोग एक पहाड़ की भांति अटल रहते हैं और कोई तूफ़ान उन्हें अपनी जगह से डिगा नहीं सकता है। उन युवाओं के विपरीत जो केवल आज की ओर देखते हैं और कल की उन्हें कोई परवाह नहीं होती। स्पष्ट है कि इस प्रकार के लोगों में अपने लक्ष्य से भटकने की संभावना अधिक होती है।

युवा पीढ़ी जोश, स्वास्थ्य, ज्ञान, ऊर्जा और क्षमता जैसी विशेषताओं के कारण एक महत्वपूर्ण पीढ़ी होती है जो समाज में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इसीलिए हर देश के नेताओं का ध्यान युवा पीढ़ी की शक्ति पर होना बहुत महत्वपूर्ण है। इसलिए कि युवा भविष्य की पूंजी और एक राष्ट्र का वर्तमान होता है। विभिन्न प्रकार की योजना बनाते समय युवाओं पर विशेष ध्यान होना चाहिए और उसमें उन्हें विशेष स्थान प्राप्त होना चाहिए। सरकारों को देश के निर्माण और प्रबंधन में युवाओं की प्रतिभा और बुद्धि से लाभ उठाने के लिए उचित कार्यक्रम बनाना चाहिए और प्रयास करना चाहिए, ताकि इस प्रकार, समाज की ज़रूरतों की आपूर्ति और सुविधा के लिए जवानों के जोश और ऊर्जा का सही प्रयोग हो सके।

 

 

ईरान की इस्लामी क्रांति के वरिष्ठ नेता आयतुल्लाहिल उज़मा सैय्यद अली ख़ामेनई युवाओं की दूरदर्शिता के संबंध में कहते हैं, ऐसे छात्र और युवा कि जो शिक्षा एवं ज्ञान के क्षेत्र में सक्रिय हैं और ख़ुद को विभिन्न क्षेत्रों में देश की सेवा के लिए तैयार कर रहे हैं, वास्तव में वे भविष्य में समाज और राष्ट्र की आशा हैं। अर्थात, इस राष्ट्र और इस देश को अपने भविष्य के लिए ऐसे युवाओं की ज़रूरत है। अतः हर देश के सम्मान और भविष्य के लिए एक मूल तत्व वे युवा हैं कि जो आज शिक्षा ग्रहण करने में व्यस्त हैं। उनकी शिक्षा, उनके प्रयास, उनका धार्मिक एवं नैतिक प्रशिक्षण जितना बेहतर होगा उतना ही देश का भविष्य अच्छा होगा। इसके अलावा भी छात्र हर काल में देश की ज़रूरतों के मद्देनज़र अपनी भूमिका अदा कर सकते हैं।

 

खेल के क्षेत्र में सक्रिय एक कार्यकर्ता का कहना है कि मैराथन दौड़ का मुक़ाबला ऐसी दौड़ का मुक़ाबला है जिसमें भाग लेने वाले को 42.195 किलोमीटर की दूरी तय करना होती है। लक्ष्य तक पहुंचने के लिए भागने वाले को चाहिए कि वह इस दौरान अपनी स्पीड को अच्छी तरह निंयत्रण रखे। इसी प्रकार, आप को भी बेहतर कल के लिए आज बलिदान देना होगा। आसान कार्यों के पीछे दौड़ना बंद करके आपको दीर्घकालिक उद्देश्यों पर नज़र रखना चाहिए और कुछ क्षणों के लाभ के लिए दीर्घकालिक हितों को क़ुर्बान नहीं करना चाहिए। इसलिए कि जीवन एक दिन में सिमटने वाला नहीं है। हमेशा यह सोचिए कि आप कल के नेता और हीरो होंगे। इसलिए कि अगर ऐसा नहीं करेंगे तो कल जीवन में कोई महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के बजाए अंधेरे में एक काला बिंदु बनकर खो जायेंगे।

 

इसलिए हमेशा याद रखिए, वृक्ष कितना भी बड़ा हो जाए, एक दाने से उसकी शुरूआत होती है, इसी तरह लम्बे से लम्बा सफ़र एक क़दम के साथ। आज हम जिस स्थान पर हैं, वह हमारे पिछले कुछ वर्षों के विचारों और प्रयासों का परिणाम है और अगले दस या बीस वर्षों में जो अनुभव करेंगे वह हमारे आज से प्रभावित होगा। मित्र, परिवार, काम, जीवन का स्थान और सब कुछ आज के चयन पर निर्भर होगा। जीवन निर्माण की प्रकिया है। आज हम जो कुछ करते हैं, वह हमारे कल को प्रभावित करता है। बुरी आदत को छोड़ना, परिवार के साथ समय बिताना, लक्ष्य का निर्धारण, पूंजी को बचाकर रखना या उसे ख़र्च करना, खेलना कूदना और हर वह निर्णय जो आज हम लेते हैं, वह हमारे कल को प्रभावित करेगा। बहुत से लोग इस बात से अनभिज्ञ रहते हैं कि जो आज अंजाम देते हैं, वह महत्वपूर्ण है। एक दो दिन लापरवाही में बिताए जा सकते हैं और अपनी समस्याओं को दूसरों के कांधों पर लादा जा सकता है, लेकिन कुछ समय बाद इसका अंजाम भुगतना ही होगा। उस समय जीवन आपको याद दिलाएगा कि यह स्थिति उन लापरवाही के दिनों का परिणाम है। अतः जहां कहीं भी हो, वहीं शुरूआत का बिंदु है। आज का प्रयास आपके कल को विशेष बनादेगा।