Aug ०२, २०२१ २१:५८ Asia/Kolkata
  • विकास परियोजनाओं का उद्घाटन दुश्मन की आंखों का कांटा है: राष्ट्रपति रूहानी

ईरान के राष्ट्रपति डॉक्टर हसन रूहानी ने कहा है कि विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन उन सभी लोगों की आंखों का कांटा है जिन्होंने ईरान के ख़िलाफ़ साज़िशें की हैं।

प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक़, इस्लामी गणतंत्र ईरान के राष्ट्रपति डॉक्टर हसन रूहानी ने पेट्रोलियम, सहकारिता, श्रम और समाज कल्याण मंत्रालय साथ ही परमाणु ऊर्जा संस्था से संबंधित कई राष्ट्रीय योजनाओं के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि देश हमेशा विकास के रास्ते पर आगे बढ़ता रहा है और इस विकास में सबका प्रयास और मेहनत शामिल रही है। ईरान के राष्ट्रपति ने कहा कि कोरोना महामारी के समय दुश्मनों ने हमारे ख़िलाफ़ आर्थिक युद्ध छेड़ रखा था जिसका जवाब भी देना ज़रूरी था। उन्होंने कहा कि देश की जनता ने इस युद्ध में भरपूर साथ दिया और मज़बूती के साथ दुश्मनों के मुक़बाले में डटी रही और साथ ही उन्होंने भरपूर तरीक़े से ईरानी राष्ट्र के दुश्मनों को मुंहतोड़ जवाब दिया। राषट्रपति रूहानी ने कहा कि हर तरह की रुकावटें डालने के बाद जब दुश्मन यह देखता है कि ईरान हर दिन विकास के नए झंडे गाड़ रहा है तो उसे काफ़ी निराशा होती है। उन्होंने कहा कि नई परियोजनाओं का उद्घाटन भी दुश्मनों की आंखों में कांटे की तरह चुभते हैं।

ग़ौरतलब है कि राष्ट्रपति हसन रूहानी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के ज़रिए पेट्रोलियम, सहकारिता और श्रम एवं सामाजिक मामलों के मंत्रालयों और साथ ही परमाणु ऊर्जा संस्था की विभिन्न राष्ट्रीय परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इस बीच ईरान के परमाणु ऊर्जा संस्थान के प्रमुख ने कहा है कि ईरान के परमाणु औद्योगिक उत्पाद और उसके परिणाम आदर्श हैं। पेट्रोलियम, सहकारिता और श्रम एवं सामाजिक मामलों के मंत्रालयों और साथ ही परमाणु ऊर्जा संस्था की कई राष्ट्रीय परियोजनाओं के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए श्री अली अकबर सालेही ने कहा कि ईरान के परमाणु औद्योगिक उत्पाद अद्वितीय हैं और ईरान की परमाणु ऊर्जा संस्था ने यह साबित कर दिया है कि वार्ता और परमाणु समझौते की विषयवस्तु को तैयार करने में इस संस्था ने पूर्ण बुद्धि का इस्तेमाल किया है जिसने साज़िशकर्ताओं की सारी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। (RZ)

हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए

हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए

हमारा यूट्यूब चैनल सब्सक्राइब कीजिए!

ट्वीटर  पर हमें फ़ालो कीजिए

टैग्स